फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सिलिकॉन वैली में छाए मोदी, कई समझौतों पर मुहर

विज्ञापन
विज्ञापन
सिलिकॉन वैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भरपूर असर दिखा है। फेसबुक, माइक्रोसॉफ्ट, गूगल समेत कई दिग्गज अमेरिकी टेक्नोलॉजी कंपनियों ने भारत में बड़े निवेश और डिजिटल इंडिया में भागीदारी का वादा किया है।
विज्ञापन


मोदी ने भी इन कंपनियों के लिए भारत के बड़े बाजार की खूबियों को गिना कर उन्हें निवेश में सहयोग का भरोसा दिलाया। इसके साथ ही पीएम मोदी के इस दौरे से भारत और अमेरिका के बीच तकनीकी क्षेत्र में साझेदारी और सहयोग के नए युग की शुरुआत हो सकती है।

माइक्रोसॉफ्ट भी भारत के साथ मिलकर करेगी काम

डिजिटल इंडिया अभियान को देश के हर कोने तक पहुंचाने के लिए माइक्रोसॉफ्ट भी भारत के साथ मिलकर काम करेगी। कंपनी के सीईओ सत्य नडेला ने बताया कि उनकी कंपनी सस्ती ब्रॉडबैंड तकनीक को देश के पांच लाख से भी ज्यादा गांवों तक पहुंचाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सम्मान में आयोजित डिनर समारोह में उन्होंने कहा कि इसके लिए वह भारत सरकार के साथ मिलकर काम करेंगे।

माइक्रोसॉफ्ट के पहले भारतीय मूल के सीईओ नडेला ने कहा, 'सस्ती ब्रॉडबैंड तकनीक और उसके साथ क्लाउड कंप्यूटिंग इंटेलिजेंस को बढ़ावा देकर रचनात्मकता, कार्यकुशलता और उत्पादकता को बढ़ावा दिया जा सकता है। इससे बाजार में सस्ते उत्पाद और सेवाएं मिलेंगी। इससे सभी भारतीयों को खुद को साबित करने का मौका भी मिलेगा।'

उन्होंने बताया कि अगले हफ्ते कंपनी भारत के डेटा सेंटरों से बाहर के क्षेत्र में काम कर रहीं क्लाउड सर्विस के बारे में जानकारी साझा करेगी। नडेला ने कहा कि मेक इन इंडिया और डिजिटल इंडिया का मुख्य लक्ष्य विश्व स्तर के इंफ्रास्ट्रक्चर को भारत में लाना है। यह यहां की डिजिटल सुरक्षा, संप्रभुता और निजता को ध्यान में रखकर किया जा रहा है, जो कंपनी के लिए एक बड़ा कीर्तिमान है।

एक न्यूज चैनल से बात करते हुए नडेला ने कहा कि भारत के पास विश्व स्तर के उद्यमी हैं और मानव पूंजी है।

15 करोड़ डॉलर का निवेश करेगी क्वालकॉम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए नडेला ने कहा कि उनका विजन और इसे आगे ले जाने के लिए उनका एजेंडा एकदम सही है। अंतरराष्ट्रीय फर्मों को भारत में पेश आने वाली तकनीकी दिक्कतों को लेकर नडेला ने कहा कि कंपनी भारत में 20 साल से भी ज्यादा समय से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि हम हर देश के अधिकारों का सम्मान करते हैं।

प्रेरणा लेने भारत गए थे स्टीव जॉब्स
एप्पल के संस्थापक स्टीव जॉब्स प्रेरणा प्राप्त करने के लिए भारत गए थे। यह बात खुद कंपनी के सीईओ टिम कुक ने कही है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने बताया कि कुक उन प्रमुख सीईओ में शामिल थे, जिन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पहले ही दिन उनके होटल में मुलाकात की थी।

भारत में जल्द लांच करेंगे आईफोन 6एस
टिम कुक ने कहा कि भारत में चार हजार से भी ज्यादा जगहों पर एप्पल के उत्पादों की बिक्री होती है। उन्होंने कहा कि जल्द ही भारत में आईफोन 6एस और आईफोन 6एस प्लस को लांच किया जाएगा।

सिलिकॉन वैली में पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तकनीक क्षेत्र की दिग्गज कंपनी एप्पल को भारत में आने का न्योता दिया है। उन्होंने कंपनी को देश में मैन्यूफैक्चरिंग बेस शुरू करने का सुझाव दिया है। अधिकारियों ने बताया कि पीएम मोदी के इस न्योते को लेकर कंपनी के सीईओ टिम कुक ने भी साकारात्मक प्रतिक्रिया दी है।

पिचाई ने मोदी के प्रयासों को सराहा

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने जानकारी दी कि एप्पल के सबसे बड़े उत्पादकों में शामिल फॉक्सकॉन ने भारत में मैन्यूफैक्चरिंग बेस शुरू करने का निर्णय लिया है। पीएम मोदी के न्योते पर कुक ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। कुक ने ऐप डेवलपमेंट की अर्थव्यवस्था में रुचि दिखाई, जिसे उन्होंने उद्यमिता का एक अहम घटक बताया। एप्पल के सीईओ टिम कुक ने बताया कि एप्पल का हर कर्मचारी भारत से जुड़ा हुआ है।

भारत में नई सोच और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई ने पीएम मोदी के प्रयासों को सराहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में तकनीक के क्षेत्र में भारत बड़ी भागीदारी निभाएगा। सिलिकॉन वैली के सीईओ को संबोधित करते हुए पिचाई ने कहा कि तकनीक को बढ़ावा देने से भारतीयों समेत पूरी दुनिया में लोगों का जीवन आसान बनेगा।

उन्होंने कहा, ‘मैं सिर्फ इसलिए उत्साहित नहीं हूं कि मैं भारत में जन्मा हूं, बल्कि मैं तकनीक को बढ़ावा देना चाहता हूं और जानता हूं कि भारत आगे जाकर इस क्षेत्र में बड़ा रोल निभाएगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए पीएम मोदी प्रयासरत हैं।

मोदी की सराहना करते हुए पिचाई ने कहा कि मोदी को पता है कि बड़े स्तर पर बदलाव के लिए तकनीक जरूरी है और वह जानते हैं कि इसके लिए भारत को क्या करने की जरूरत है। भारत में स्टार्ट अप दुनिया भर में सबसे तेजी से उभर रहे हैं।
विज्ञापन

'वैश्विक अर्थव्यवस्था में अहम भूमिका निभा सकता है भारत'

सिस्को के कार्यकारी अध्यक्ष जॉन चैंबर्स ने कहा कि भारत वैश्विक अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। भारत में अंग्रेजी बोलने वाले इंजीनियरों की उपलब्धता है साथ ही घरेलू खपत भी मजबूत है। सरकार को मेक इन इंडिया और स्टार्ट अप इंडिया जैसे अभियान को सफल बनाने के लिए कारोबार करने का रास्ता आसान बनाने के साथ-साथ बाधाओं को दूर करने की जरूरत है।

डिजिटल इंडिया अभियान को रफ्तार देने के लिए सिलिकन वैली स्थित जानी-मानी तकनीकी कंपनी क्वालकम भारतीय स्टार्ट-अप्स के लिए 15 करोड़ डॉलर का निवेश करेगी।

मोदी की सिलिकन वैली की यात्रा के दौरान क्वालकम के कार्यकारी अध्यक्ष पॉल ई जैकोब्स ने कहा कि वह भारत को डिजिटली सशक्त समाज और नॉलेज इकोनॉमी बनाने की प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शिता को साझा करते हैं। उन्होंने कहा कि हम अभिनव स्टार्ट-अप्स को मदद करने करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें