प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और भाजपा की ओर से पीएम पद के प्रबल दावेदार माने जा रहे नरेंद्र मोदी के बीच मुकाबला दिलचस्प होता जा रहा है। इसी कड़ी में भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण शौरी ने एक दिलचस्प बयान दिया है।
शौरी ने कहा, 'मनमोहन सिंह आज नरेंद्र मोदी के प्रमुख चुनावी एजेंट बन चुके हैं। क्योंकि वे (मनमोहन सिंह) कुछ नहीं कर रहे, इसलिए लोग कह रहे हैं कि मोदी लाओ, मोदी लाओ।'
भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने पार्टी की ओर से पीएम पद के दावेदार पर कोई टिप्पणी नहीं की है। उनका कहना है कि इस बारे में चुनावों से पहले ही कोई घोषणा की जाएगी।
लेकिन अरुण शौरी ने एक इंटरव्यू में साफ कर दिया कि गुजरात के मुख्यमंत्री 'पार्टी के प्रधानमंत्री पद के दावेदार' बन चुके हैं।
यह पूछने पर कि लोगों का मानना है कि मोदी विभाजनकारी ताकत हैं और देश का सांप्रदायिक सौहार्द्र बिगाड़ेंगे, इस पर शौरी ने कहा कि देश को इस वक्त निर्णायक नेतृत्व की जरूरत है और मोदी ने ऐसा कर दिखाया है।
शौरी ने कहा, 'उनके मुख्य एजेंट काम कर रहे हैं...वह काफी मजबूत शख्स है।' यह पूछने पर कि क्या वह अमित शाह की बात कर रहे हैं, शौरी ने कहा, 'नहीं, नहीं। मैं मनमोहन सिंह की बात कर रहा हूं।'