भाजपा ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर जवाबी हमला करते हुए कहा कि वे दिन में सपने देख रहे हैं कि 2014 में दोबारा उनकी सरकार बनेगी। उनको मुगालते में जीने का पूरा हक है।
मनमोहन ने बुधवार को लोकसभा में कहा था कि भाजपा ने 2004 में इंडिया शाइनिंग का नारा देते हुए मनमोहन सिंह को मेमना समझ कर ‘लौह पुरुष’ आडवाणी को उतारा था।
वे राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब दे रहे थे। उन्होंने दावा किया था कि 2004 व 2009 की तरह यूपीए 2014 में भी सत्ता में वापसी करेगी।
पार्टी व अपने वरिष्ठ नेता पर हुए इस हमले का जवाब देते हुए भाजपा के प्रवक्ता प्रकाश जावडे़कर ने कहा कि हम उनके बयान को खारिज करते हैं।
हमेशा नरमी से बात करने वाले प्रधानमंत्री के जुझारू तेवर देख भाजपा ने हैरत जताई पर अगले चुनाव में एनडीए की फिर हार के दावे को खारिज कर दिया और कहा कि हम उन्हें दिन में सपने देखने से नहीं रोक सकते।
ज्ञातव्य है कि 2009 के चुनाव में भाजपा ने लालकृष्ण आडवाणी को सरदार पटेल की तरह लौह पुरुष बताया था पर कांग्रेस ने कंधार कांड की याद दिला इस प्रचार को बेअसर कर दिया था।
आडवाणी के गृहमंत्री रहने पर अपहृत भारतीय विमान को छुड़ाने के लिए आतंकवादियों को कंधार ले जाकर छोड़ना पड़ा था।