मणिपुरी फिल्म अभिनेत्री मोमोको से सरेआम छेड़खानी और मारपीट करने वालों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बेमियादी बंद के पहले दिन शनिवार को हालात बेकाबू होते देख दो जिलों इंफाल पूर्व और इंफाल पश्चिम में कर्फ्यू लगा दिया गया है। इससे पहले बंद का व्यापक असर देखने को मिला। हालांकि पुलिस की कार्रवाई में 9 लोग घायल हो गए। कर्फ्यू रविवार को भी जारी रहने की उम्मीद है।
प्रदर्शनकारियों ने बंद के दौरान पूर्वी और पश्चिमी इंफाल में टायर जलाए और रोड़ जाम कर दिए। विरोध प्रदर्शन के दौरान सभी दुकानें, बाजार बंद रहे, जबकि ट्रांसपोर्ट सर्विस भी रद्द कर दी गई। लोगों ने पुलिस वैन पर भी पथराव कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को काबू में करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और रबड़ की गोलियां चलाईं।
पुलिस की कार्रवाई में 9 लोग घायल हो गए। इस बीच मुख्यमंत्री ओ इबोबी सिंह गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे से मिलने दिल्ली रवाना हो गए हैं। गत 18 दिसंबर को स्वयंभू उग्रवादी संगठन एनएससीएन (आईएम) के लिविंगस्टोन अनल ने कथित रूप से फिल्म शूटिंग के दौरान मोमोको के साथ छेड़छाड़ की थी।
सूत्रों के अनुसार एनएससीएन-आईएम के सदस्यों को गिरफ्तार नहीं किया जा सकता है, क्योंकि यह संगठन केंद्र सरकार के साथ शांति वार्ता में शामिल है और इसने केंद्र से 14 साल पहले सीजफायर का समझौता किया हुआ है।
मानवाधिकार कार्यकर्ता के. मणि ने आश्चर्य जताया है कि घटना के दौरान पुलिस और असम राइफल्स के जवान कैसे खामोश रहे। हालांकि घटना के दौरान मौजूद रहे असिस्टेंट सब इंसपेक्टर, हेड कांस्टेबल और तीन कांस्टेबल को कार्रवाई न करने पर निलंबित कर दिया गया है।