सुल्तानपुर से चुनावी मैदान में कूदे भाजपा नेता वरुण गांधी ने बुधवार को अपने चचेरे भाई राहुल गांधी के लोकसभा क्षेत्र अमेठी में विकास को लेकर एक बयान क्या दिया, बवाल मच गया।
विज्ञापन
बवाल ऐसा, जो गुरुवार को भी जारी रहा। जब वरुण गांधी की तारीफ पर राहुल गांधी ने प्रतिक्रिया दी तो यह मामला और उछल गया। सबसे पहले वरुण गांधी को खुद सफाई देनी पड़ी।
लेकिन यह मामला थमता नहीं दिख रहा था। राजनीतिक जानकार इसके कुछ और मायने निकालने लगे थे। सो उनकी मां और भाजपा नेता मेनका गांधी को सामने आना पड़ा और उन्होंने इस मामले पर खुलकर अपनी राय रखी।
विज्ञापन
'वरुण सीधे हैं, मैंने समझा दिया है'
इस बार पीलीभीत से चुनाव लड़ रही मेनका गांधी ने गुरुवार को मीडिया से इस बारे में बातचीत की। उन्होंने कहा कि वरुण गांधी सीधे हैं और उनसे उनकी बातचीत हुई है।
मेनका ने कहा, "वरुण बहुत सीधे हैं। मैंने उन्हें समझाया है। दरअसल, पिछले 45 साल में अमेठी में कोई विकास नहीं हुआ है। मैंने उनसे कहा है कि जब तक अपने आप न जांचों-परखों तब तक यकीन न करो।"
भाजपा के वरिष्ठ नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने भी कहा है कि वरुण गांधी अभी सीख रहे हैं और उनके इस बयान पर बवाल मचाना सही नहीं है। जाहिर है, भाजपा पूरी तरह से वरुण के बचाव में उतर आई है।
क्या कहा था वरुण ने?
वरुण गांधी ने सुल्तानपुर में एक चुनावी रैली में कहा था, "मैं सुल्तानपुर में वैसा ही काम करना चाहता हूं, जैसा राहुल गांधी अमेठी में कर रहे हैं। मैं यहां उसी तरह लघु उद्योगों को बढ़ावा देना चाहता हूं, जैसे वहां दिया गया है।"
इसके अलावा अमेठी में स्वयंसेवी समूहों की तर्ज पर उन्होंने अपने लोकसभा क्षेत्र में भी कुछ ऐसा ही करने की बात उठाई। हालांकि, वो यह कहना भी नहीं भूले कि राजनीति में विरोधी की तारीफ करना सही नहीं होता।
अमेठी में विकास से जुड़े कामकाज के लिए राहुल गांधी की तारीफ करने के बाद उन्होंने कहा, "हालांकि, इस तरह मुझे यहां पर राहुल गांधी की तारीफ नहीं करनी चाहिए।"
स्मृति ईरानी भी गुस्से में
लेकिन जब इस बयान पर बवाल हो गया, तो वरुण गांधी ने सफाई भी दी। भाजपा नेता ने कहा कि उन्होंने एक क्षेत्र में किसी काम का उदाहरण दिया था और इसे किसी खास व्यक्ति या पार्टी से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए।
जाहिर है, वरुण पर पार्टी की ओर से दबाव भी पड़ा होगा। उनके बयान ने राहुल गांधी के खिलाफ अमेठी के मैदान में उतरीं भाजपा नेता स्मृति ईरानी भी खफा बताई गई है।
वरुण के बयान पर प्रतिक्रिया मांगने पर उन्होंने किसी विवाद में पड़ने से इनकार कर दिया, लेकिन यह जरूर कहा कि अमेठी में विकास नहीं हुआ है और जनता आगामी चुनावों में यह बता देगी।
लेकिन वरुण गांधी की तारीफ ने राहुल गांधी को काफी खुश कर दिया। बुधवार को सोनिया गांधी और राहुल गांधी रायबरेली में थे, जहां कांग्रेस अध्यक्ष ने नामांकन दाखिल किया। सोनिया ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि रायबरेली एक बार फिर उन्हें जीत देगी।
हमने रणनीति के तहत काम किया है। एजुकेशन हब का आधार तैयार किया है और किसानों को ध्यान में रखते हुए फूड पार्क बनाया है, इसलिए वरुण जो कह रहे हैं, सही कह रहे हैं।
राहुल ने कहा, "अमेठी के लोगों से मेरा गहरा रिश्ता है। यह वही तय करेंगे कि लोकसभा चुनावों में किसे जीतना चाहिए।" जाहिर है, कुमार विश्वास और स्मृति ईरानी की चुनौती का सामना कर रहे राहुल को वरुण की तारीफ ने नया बल दिया होगा।