अघौरा गांव में शनिवार की रात हुई एक घटना से हर कोई दहल गया। प्यार में पागल एक आशिक ने माशूका के घर के सामने शरीर पर केरोसिन तेल छिड़ककर खुद को आग लगा लिया। जब तक लोग माजरा समझते और उसे बचाते तक तक उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि किसी और से प्रेमिका की शादी होने के कारण वह मायूस था। घटनास्थल पर उसके झोले से प्रेमपत्र भी मिले हैं, जिस पर प्रेमिका के घरवालों को रुपये देने की बात भी लिखी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हरचंदपुर थाना क्षेत्र के भुलासखेड़ा जोहवानटकी गांव निवासी जंगबहादुर यादव (40) का अघौरा गांव की एक लड़की से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। इसकी जानकारी होने पर लड़की के परिजनों ने उसकी शादी दूसरी जगह कर दी। इससे जंगबहादुर मायूस रहता था। नवरात्र में लड़की की ससुराल के लिए विदाई भी होनी थी। ऐसे में जंगबहादुर सोमवार की रात साइकिल से प्रेमिका के घर के पास पहुंचा। बताते हैं कि साथ में वह एक डिब्बे में केरोसिन भी लिए था। इसी दौरान उसने शरीर पर केरोसिन डालकर आग लगा लगी। चीख-पुकार की आवाज पर आसपास के लोगों की नींद खुली तो उनमें हड़कंप मच गया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना पर एसओ रामऔतार मौके पर पहुंचे। इससे पहले कि आग को बुझाया जाता, जंगबहादुर की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस के मुताबिक, जंगबहादुर के झोले से कुछ प्रेम-पत्र मिले हैं। साथ ही प्रेमपत्र में जंगबहादुर की ओर से लड़की के घरवालों को रुपये देने की भी बात लिखी है। एसओ का कहना है कि इस मामले की प्रारम्भिक जांच में प्रेम-प्रसंग के घटना की वजह सामने आई है।
प्रेमिका के घर के सामने खोल रखा था स्कूल
जंगबहादुर की प्रेम कहानी का दुखद अंत हो गया। प्रेमिका के प्यार में वह इस कदर पागल था कि उसने अपने बच्चों और पत्नी तक की परवाह नहीं की। बताते हैं कि उसकी शादी हो चुकी थी। उसके दो लड़के हैं। पत्नी धूना अनबन होने के कारण मायके में रहती है। दो साल पहले जंगबहादुर ने प्रेमिका के गांव के पास स्कूल खोला था। इसी स्कूल में प्रेमिका भी पढ़ाती थी। दोनों का प्रेम-प्रसंग चल ही रहा था कि इसकी भनक लड़की के परिजनों को लग गई। बताते हैं कि जंगबहादुर ने लड़की के परिजनों से शादी करने की बात कही, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया।