भारतीय मूल के एक अमरीकी नागरिक ने फेसबुक पर शेयर किए वीडियो में भाजपा सांसद योगी आदित्यनाथ को करारा जवाब दिया है। पेशे से हीरो के व्यापारी अवि डांडिया ने सांसद योगी आदित्यनाथ की बालीवुड अभिनेता शाहरुख खान के बारे में टिप्पणियों पर अपनी राय रखी है।
फेसबुक पर वायरल हुए उनके वीडियो को दसियों हजार बार शेयर किया जा चुका है। अब तक लाखों लोग उनके वीडियो देख चुके हैं।अवि वीडियो में कहते हैं, "आदित्यनाथ जी आप शाहरुख को पाकिस्तान भेजने की बात कर रहे हैं। क्या आपको पता है कि उनकी वजह से कितने लोगों को रोजगार मिलता है। पीएम अर्थव्यस्था और व्यापार की बात करते हैं। मैं कहता हूँ कि शाहरुख खान जैसे लोग अपने आप में उद्योग हैं।"
अवि सवाल करते हैं, "आज आप शाहरुख को पाकिस्तान भेज रहे हैं। कल सलमान, आमिर, सैफ को जाने को कहोगे। लेकिन ये क्यों जाएं? देश हमारा है। सबका है।"उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से अपील की है कि इससे पहले कि हालात नियंत्रण से बाहर हों, मोदी विवादित बयान देने अपने नेताओं पर काबू करें।
समाज दीवालिया हो जाए तो!
डांडिया सोशल मीडिया पर #MohabbatkeDange ट्रेंड कराना चाहते हैं ताकि उनकी बात अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचे।बीबीसी से बात करते हुए डांडिया कहते हैं, "नफरत के दंगों का जवाब लोग प्यार के दंगों से देंगे। भारत के लोगों को आपस में इतना प्यार बांटना चाहिए कि नफरत की राजनीति वालों की दुकान ही बंद हो जाए।"
बीबीसी से बात करते हुए अवि कहते हैं, "भारत सरकार को अर्थव्यवस्था की चिंता है। अर्थव्यस्था दीवालिया हो जाए तो उसे वापस पटरी पर लाया जा सकता है। लेकिन अगर समाज दीवालिया हो जाए तो उसे सुधारने में बहुत वक्त लगता है। भारत का समाज दीवालिया होने की दिशा में बढ रहा है।"
उन्होंने ये वीडियो क्यों शेयर किए इस सवाल पर अवि कहते हैं, "मैं अमरीका में रहता हूँ। जब भारत के लोगों को धर्म के नाम पर लडते हुए या राजनीति का शिकार होते हुए देखता हूँ तो सोचता हूँ कि बेरोजगारी, शिक्षा, किसान आत्महत्या जैसे मूल मुद्दे के बजाए सिर्फ सांप्रदायिकता पर ही बहस हो रही है। लोगों को इस बारे में ठहरकर सोचने और अपने मन की सुनने की जरूरत है।"वे कहते हैं, "मैं अपने मन की बात कर रहा हूँ। जो मोहब्बत की बात है। लोगों को ये मोहब्बत की बात पसंद आ रही है।"अवि का कहना है कि वो सांप्रदायिकता के मुद्दे पर आदित्यनाथ से खुली बहस के लिए भारत आने के लिए भी तैयार हैं।