मोबाइल फोन खरीदने के लिए पिता ने पैसे नहीं दिए तो 22 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। आत्महत्या की यह घटना जमशेदपुर के सोनारी इलाके में हुई। युवक ने अपने घर के बाहर पेड़ से लटकर फांसी लगाई।
पुलिस ने बताया कि सोनारी थाना क्षेत्र के नवरंग बस्ती निवासी गोलू का शव शुक्रवार सुबह उसके घर के पास पीपल के पेड़ से लटका मिला। गोलू ने अपने पिता चमनलाल साहू से मोबाइल फोन खरीदने के लिए पैसे मांगे थे, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया। चमनलाल पेंटिंग का काम करते हैं। गोलू भी पिता के सहायक के तौर पर काम करता था।
चमनलाल ने गोलू को तत्काल पैसे देने से इनकार कर दिया था। उन्होंने कहा था कि अभी उनके पास पैसे नहीं हैं। साथ ही उन्होंने वादा किया था कि बकाया भुगतान होने के बाद वे उसे पैसे जरूर देंगे। गोलू के गुस्से को शांत करने के लिए उसकी मां ने बृहस्पतिवार को उसे 500 रुपये भी दिए थे।