पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा है कि चारा घोटाला मामले में पांच साल की सजा पाने वाले राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के प्रकरण से देश के राजनेताओं को सीख लेनी चाहिए।
बनर्जी ने बांग्ला साप्ताहिक पत्रिका में छपे एक लेख में कहा कि लालू प्रसाद को चारा घोटाले में सजा दी गई है। इस प्रकरण के बाद मैं सभी राजनेताओं से इससे सीख लेने की अपील करती हूं।
उन्होंने कहा कि आखिरकार इतनी लालच क्यों होनी चाहिए। एक राजनेता हों या सामान्य आदमी, हमें परिवार चलाने के लिए आखिर कितने पैसे चाहिए।
उन्होंने कहा कि ना सिर्फ राजनेता बल्कि आम आदमी को भी लालच और लोभ से बचना चाहिए। शारदा समूह घोटाले मसले को याद करते हुए उन्होंने कहा कि लोगों को पोंजी स्कीम में पैसा नहीं लगाना चाहिए।
बनर्जी ने शारदा समूह में ठगी का शिकार हुए करीब 929 लोगों को सहायता बतौर चेक राशि दी है। बनर्जी ने लोगों से सरकारी योजनाओं में राशि लगाने की अपील भी की।