केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री जयराम रमेश ने शनिवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि बनर्जी नेता तो अच्छी हैं, लेकिन प्रशासक खराब है। साथ ही उन्होंने ममता के उस दावे पर सवाल उठाया जिसमें कहा गया है कि केंद्र सरकार पश्चिम बंगाल को फंड मुहैया नहीं करा रही है।
जयराम रमेश ने जंगलमहल में कांग्रेस की एक सभा में कहा कि ममता बनर्जी कहती हैं कि केंद्र सरकार राज्य को मदद नहीं दे रही है, लेकिन यह बात पूरी तरह से गलत है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल को पिछले एक साल में केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के लिए 13,000 करोड़ रुपये और ग्रामीण इलाकों में 5500 किमी. सड़क के निर्माण के लिए 2700 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए हैं। रमेश ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से उपलब्ध कराई गई राशि का न तो पूर्ववर्ती वामपंथी सरकार ने सही उपयोग किया और न ही ममता बनर्जी कर रही हैं।