पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के एक कान्वेंट में 72 साल की एक नन के साथ गैंग रेप कांड के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। नजरूल (28) नामक बांग्लादेशी नागरिक को बुधवार रात महानगर के सियालदह स्टेशन पर एक लोकल ट्रेन से उतरते समय गिरफ्तार किया गया। खुफिया विभाग के सूत्रों ने बृहस्पतिवार को इसकी जानकारी दी।
बीते 15 मार्च को बांग्लादेशी अपराधियों के एक गिरोह ने नदिया जिले में रानाघाट स्थित जीसस एंड मेरी कान्वेंट पर हमला कर वहां लूटपाट की थी और इसका विरोध करने पर 72 साल की एक नन के साथ गैंगरेप किया था।खुफिया विभाग के एक अधिकारी चितरंजन नाग ने बताया कि पुलिस को अपने मुखबिरों से सूचना मिली थी कि नजरूल कोलकाता पहुंचने का प्रयास कर रहा है।
उस सूचना के आधार पर पुलिस की एक टीम सियालदह स्टेशन पर नजरूल का इंतजार कर रही थी। वह बांग्लादेश सीमा से लगे बनगांव से यहां पहुंचने वाली लोकल ट्रेन से उतरा था।
पुलिस को शक है कि मार्च में हुई इस घटना के बाद नजरूल बांग्लादेश के सीमावर्ती इलाकों में छिपा था। नाग ने बताया कि वह बांग्लादेश में सीमा पर स्थित किसी गांव में छिपा था। उन्होंने कहा कि शायद वहां पुलिस के पीछा करने के बाद वह किसी तरह सीमा पार कर बनगांव पहुंच गया।
वह कोलकाता होकर कहीं और जाने का प्रयास कर रहा था। इस मामले ने देश-विदेश में काफी सुर्खियां बटोरी थीं। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पहले इसकी जांच खुफिया विभाग को सौंपी थी, लेकिन लोगों की बढ़ती नाराजगी को देखते हुए बाद में इसका जिम्मा सीबीआई को सौंप दिया गया। इस मामले में अब तक छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।