अक्सर एक-दूसरे के खिलाफ लड़ाई को तैयार रहने वाले नेताओं ने मंगलवार को महाराष्ट्र विधानसभा में एक पुलिसकर्मी की जमकर पिटाई कर दी।
यह हंगामा इतना बढ़ा कि सदन की कार्रवाई ठप करनी पड़ी। एक दिन पहले निर्दलीय विधायक क्षितिज ठाकुर का चालान काटे जाने से विधायक गुस्से में थे।
ठाकुर का आरोप है कि पुलिसकर्मी ने उसके साथ बदतमीजी की। सभी पार्टी के गुस्साए सदस्य पुलिसकर्मी को सस्पेंड करने की मांग कर रहे थे। इसी वजह से सदन की कार्रवाई को पांच बार स्थगित करना पड़ा।
सोमवार को असिस्टेंट पुलिस इंस्पेक्टर सचिन सूर्यवंशी ने बांद्रा-वर्ली सीलिंक पर विधानसभा सत्र में भाग लेने आ रहे ठाकुर का ओवर स्पीड का चालान काट दिया था। दोनों के बीच तीखी बहस भी हुई, जिसे बाद में ठाकुर ने बदतमीजी का आरोप लगाया।
मंगलवार सुबह वसाई विधानसभा से विधायक ठाकुर ने सदन में सूर्यवंशी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस पेश किया और घटना की पूरी जानकारी दी। इसके बाद सभी सदस्य पार्टी लाइन से हटकर पुलिसकर्मी को सस्पेंड करने की मांग करने लगे। उस समय सूर्यवंशी विजिटर गैलरी में बैठे हुए थे।
हंगामे की वजह से सदन को 20 मिनट के लिए स्थगित करना पड़ा। इसी दौरान कुछ विधायकों ने सूर्यवंशी को सदस्यों की तरफ हाथ से इशारा करते हुए देख लिया।
इसके बाद राम कदम (एमएनएस), राजन साल्वी (शिवसेना), प्रदीप जायसवाल (निर्दलीय) और क्षितिज ठाकुर (निर्दलीय) समेत कुछ विधायकों ने पुलिसकर्मी को धर दबोचा और पीटना शुरू कर दिया।
भाजपा के जयकुमार रावल भी इस झगड़े में दिखाई दिए। दो बार आधे-आधे घंटे के लिए सदन स्थगित करने के बाद शाम पांच बजे कार्रवाई ठप कर दी गई।
स्पीकर दिलीप वाल्से पाटिल द्वारा इस मुद्दे पर बहस करने की अनुमति देने के बावजूद सदस्य अपनी मांग पर अड़े रहे।