महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपनी मंत्री पंकजा मुंडे का बचाव किया है। फडणवीस ने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद कहा, ‘पंकजा ने मुझसे फोन कर कहा था कि यदि इस मामले में मुझे जांच की जरूरत महसूस हो रही है तो आदेश दे देना चाहिए। मैं केस पर खुद नजर रखे हुए हूं।
प्राथमिक तौर पर कोई गड़बड़ी नहीं मिली है।’ सीएम ने बताया कि पंकजा ने फरवरी में खरीदारी का आदेश इसलिए दिया क्योंकि केंद्र द्वारा दिया गया फंड 31 मार्च को एक्सपायर हो जाता। राज्य सरकार ने तीन लाख रुपये से अधिक की खरीदारी के लिए ई-टेंडर आमंत्रित करने का नियम अप्रैल में लागू किया था।
उन्होंने साफ किया कि विस्तृत जांच में किसी तरह की अनियमितता मिलने पर ही जांच का आदेश दिया जाएगा। यह पता नहीं चल सका है कि फडणवीस और मोदी के बीच क्या बातचीत हुई। माना जा रहा है कि सीएम ने प्रधानमंत्री को नासिक में अगले महीने से शुरू हो रहे कुंभ मेले के लिए आमंत्रित किया है।