क्या केंद्रीय मंत्री गोपीनाथ मुंडे की हत्या की गई है? मंगलवार की सुबह ट्विटर पर मुंडे की मौत की खबरें वायरल हुईं और साथ ही ये सवाल भी हवा में तैरने लगा।
देखते ही देखते कई ऐसी ट्वीट किए गए, जो कार दुर्घटना को किसी साजिश का नतीजा बता रहे हैं।
भाजपा की महाराष्ट्र इकाई के नेता अवदूत बाघ ने भी कहा, 'मुंडेजी की कार दुर्घटना के पीछे गहरी साजिश है। ये सजिश ऐसे लोगों ने की है, जो नरेंद्र मोदी और गोपीनाथ मुंडे की जीत से नाखुश थे।'
उठी सीबीआई जांच की मांग
गोपीनाथ मुंडे की मौत पर भाजपा में शोक की लहर दौड़ गई। पार्टी की महाराष्ट्र इकाई अपने नेता की मौत से गमजदा भी है और गुस्से में भी है।
बाघ इकलौते नेता नहीं हैं, जिन्होंने मुंडे की मौत के पीछे साजिश की आशंका जताई है। महाराष्ट्र इकाई ने सीबीआई जांच की मांग की है। दिल्ली पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है।
मुंडे आज सुबह मारुती SX4 में अपने घर से निकले थे। वे एयरपोर्ट जा रहे थे। रास्ते में पृथ्वीराज रोड पर औरबिंदो चौक के पास मुंडे की कार का एक इंडिका कार ने टक्कर मार दी।
टक्कर में मुंडे गहर चोटें आईं
टक्कर में मुंडे गहर चोटें आईं। ड्राइवर के अलावा कार में एक सहायक भी मौजूद था। वे मुंडे को तुंरत एम्स ले गए।
ऐसी खबर है कि एक्सीडेंट कें बाद उन्होंने पानी मांगा और अपने सहायक और ड्राइवर से कहा कि उन्हें हॉस्पीटल ले चले। मुंडे को एम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया।
डाक्टरों का कहना है कि जब मुंडे को भर्ती कराया गया, उनकी पल्सरेट काफी कम थी। उन्हें बचाने की कोशिश की गई, लेकिन दिल को दौरा पड़ने से उनकी मौत हो गई।
ड्राइवर को हिरासत में लिया गया
मुंडे की मारूती कार को एक इंडिका कार ने टक्कर मारी थी। ये कार इंपिरयल होटल के नाम पर पंजीकृत है। कार गुरविंदर सिंह नाम का व्यक्ति चला रहा था।
पुलिस ने ड्राइवर को हिरासत में ले लिया और कार भी जब्त कर ली। दिल्ली पुलिस के ज्वाइंट कमिश्नर मुकेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। भाजपा की महाराष्ट्र इकाई ने मामले की सीबीआई जांच की मांग की है।
वहीं, ट्विटर पर भी ऐसी आशंका जताई जा रही है कि मुंडे की दुर्घटना के पीछे गहरी साजिश है।