एमपी के भिंड जिले में ग्वालियर-इटावा हाइवे पर चलते वाहन से नवजात बच्ची को फेंकने का मामला सामने आया है। वहां स्थित एक गैस एजेंसी के कर्मचारियों के कारण बच्ची की जान बच गई।
गैस एजेंसी के कर्मचारी बच्ची को तत्काल अस्पताल ले गए जहां डॉक्टर उसका इलाज कर रहे हैं। डॉक्टरों के मुताबिक बच्ची की उम्र चार दिन है और उसे बेहद गंभीर चोटें आई हैं।
माना जा रहा है कि जैसे ही बच्ची को वाहन से फेंका गया वह झाड़ियों में गिरी जिसके कारण उसकी जान बचना मुमकिन हो सका। नवजात बच्चियों की हत्या और हत्या के प्रयास के मामले अक्सर जिले में सामने आते रहते हैं।
पिछली जनगणना के मुताबिक भिंड में 1000 लड़कों पर 838 लड़कियां हैं।