फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जान की परवाह किए बिना लुटेरों से भिड़ गई 'माधुरी'

विज्ञापन
विज्ञापन
वाराणसी के पहड़िया स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज में कैंटीन चलाने वाली माधुरी के हौसले के आगे बदमाशों को पस्त हो जाना पड़ा। गुरुवार की सुबह कैंटीन से घर लौटते समय श्रीनगर कॉलोनी में बाइक सवार दो बदमाश माधुरी की चेन छीनने लगे। माधुरी बीच सड़क दोनों से भिड़ गईं। एक बदमाश तो कुछ ही देर में भाग निकला जबकि, दूसरे ने पकड़े जाने के डर से हवाई फायरिंग शुरू की दी।
विज्ञापन


माधुरी डरीं नहीं बल्कि शोर मचाते हुए उसे पकड़े रखा। इस बीच माधुरी के बचाव में आए उनके ससुर लालचंद पर बदमाश ने गोली चला दी। गोली लालचंद के बाएं हाथ में लगी। इतने में आसपास के लोग जुट आए और घेराबंदी कर बदमाश को धरदबोचा। पेड़ से बांधकर उसकी पिटाई की। घायल लालचंद को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने बदमाश को गिरफ्तार करने के साथ ही उसके पास से एक पिस्टल और मोबाइल बरामद किया है।

चौक में कपड़े की दूकान चलाने वाले लालचंद मौर्या मूल रूप से भदोही के मधईपुर, खमरिया के रहने वाले हैं। एक साल पहले ही उन्होंने श्रीनगर कॉलोनी, फेस-3 में मकान बनवाया है। उनके  बेटे रमेश और बहू माधुरी पास में स्थित निजी इंजीनियरिंग कॉलेज में कैंटीन चलाते हैं। गुरुवार की सुबह करीब साढ़े नौ बजे माधुरी कैंटीन से घर लौट रही थीं। घर से करीब 50 मीटर पहले बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और उनकी सोने की चेन छीनने लगे। विरोध करते हुए माधुरी दोनों से भिड़ गईं। एक भाग गया जबकि दूसरे को पकड़ लिया गया। दिनदहाड़े वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मौके पर जुटे लोग माधुरी के साहस की सराहना करते दिखे।
विज्ञापन

लूट की रकम से गर्लफ्रेंड को गिफ्ट

सारनाथ पुलिस के अलावा सीओ कैंट राजकुमार यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने भी माधुरी की तारीफ की। पूछताछ में पता चला कि पकड़ा गया बदमाश पटना, बिहार निवासी अनीस उर्फ राहुल है। 2012 में भी वह लूट के मामले में जेल जा चुका है। मौके से भागा बदमाश पटना का ही रहने वाला रवि सिंह बताया गया है।

एसएसपी आकाश कुलहरि का कहना है कि पकड़े गए बदमाश अनीस से पूछताछ के जरिए उसके गैंग में शामिल अन्य बदमाशों के  बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द ही गैंग के अन्य सदस्य भी पकड़े जाएंगे। अनीस के मोबाइल की पड़ताल और पुलिस की पूछताछ में पता चला कि पटना में उसकी गर्ल फ्रेंड रहती है। लूट से मिली रकम से वह गर्ल फ्रेंड को महंगे गिफ्ट खरीदकर देता है।

अनीस खुद भी महंगे ब्रांडेड जूते और कपड़े पहनने का शौकीन है। गर्ल फ्रेंड और अपना शौक पूरा करने के लिए वह अपराध करता था। उसके मोबाइल में शहर के कई लोगों के नंबर रक्षित हैं। पुलिस पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।
विज्ञापन

कॉलोनी में टहलने वालों को बनाते थे निशाना

पटना के बाईपास थाना क्षेत्र के साबाजपुर निवासी अनीस ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि वह करीब चार सालों से पांडेयपुर-पंचकोशी मार्ग क्षेत्र में किराये पर रह रहा था। इस दौरान उसने कई मकान बदले। श्रीनगर कॉलोनी में मौके से भागा बदमाश पटना निवासी रवि सिंह भी उसके साथ ही रहता था। अनीस ने आधा दर्जन से ज्यादा लूट की घटनाओं में शामिल होना कबूला है।

सुबह और शाम कॉलोनी में टहलने वाले लोगों को वे अपना निशाना बनाते थे। पांडेयपुर की भक्तिनगर कॉलोनी में ही रवि की ननिहाल है। वह अक्सर ननिहाल जाता था। पुलिस ने उसके मामा और उसके बेटे को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। एसएसपी आकाश कुलहरि ने सभी थानों की पुलिस को अपने-अपने क्षेत्र में किराएदारों का सत्यापन करने का निर्देश दिया है।

मकान मालिकों से भी कहा गया है कि वह अपने किराएदारों के फोटो पहचान पत्र संबंधित थाने में जमा करें। अनीस और रवि पिछले चार साल से पांडेयपुर में और पहड़िया क्षेत्र में रह रहे थे लेकिन पुलिस को इसकी भनक नहीं थी। अगर उनका सत्यापन किया गया होता वह या तो पकड़े गए होते या फिर ठिकाना बदलने पर मजबूर होते।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें