राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अनुषांगिक संगठन मुस्लिम राष्ट्रीय मंच (एमआरएम) ने मदरसों से अपील की कि 26 जनवरी को वे तिरंगा फहराएं, जिस पर मदरसों ने पलट कर पूछा है कि संघ अपने मुख्यालय पर 26 जनवरी या 15 अगस्त को तिरंगा क्यों नहीं फहराता?
मदरसा प्रबंधकों ने मुस्लिम राष्ट्रीय मंच की अपील पर कहा कि कई मदरसों में राष्ट्रीय त्योहार यानी 15 अगस्त या 26 जनवरी हमेशा ही मनाए जाते रहे हैं, हालांकि मदरसों को संघ से देशभक्ति का पाठ पढ़ने की आवश्यकता नहीं है।
उल्लेखनीय है कि मुस्लिम राष्ट्रीय मंच ने एक एडवाइजरी जारी कर मदरसा संचालकों और प्रबंधकों से अपील की थी कि वे तय करें कि 15 अगस्त और 26 जनवरी को मदरसों में तिरंगा फहराया जाए। संगठन की राय है कि ऐसा करने से राष्ट्रीयता की भावना का प्रसार होगा और ऐसी संस्कृति विकसित होगी, जिसमें मदरसे भी देश के अन्य शिक्षण संस्थानों की राष्ट्रीय गतिविधियों का हिस्सा बन सकेंगे।