लोकसभा में बुधवार को प्रमोशन में आरक्षण विधेयक को लेकर सदन की मर्यादा तार-तार होती दिखी। एक अप्रत्याशित घटनाक्रम में बिल का विरोध कर रही सपा के एक सांसद यशवीर सिंह ने केंद्रीय कार्मिक राज्यमंत्री नारायणसामी के हाथ से बिल की प्रति छीन ली।
बिल को छीनते देख कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने इसे रोकने की कोशिश की लेकिन यशवीर ने बिल की प्रति सपा सांसद नीरज शेखर की ओर फेंक दिया। शेखर और अन्य सदस्यों ने बिल को फाड़ दिया। इसको लेकर वेल में मौजूद सपा और कांग्रेस सांसदों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। इस घटना को सभी दलों ने लोकतंत्र को शर्मसार करने वाला वाकया बताया है।
संसद में यह तीसरी बार हुआ है जब मंत्री के हाथ से बिल को छीनकर फाड़ दिया गया। संसदीय लोकतंत्र को शर्मसार करने वाली यह घटना मात्र पांच मिनट के भीतर ही घट गई। स्पीकर मीरा कुमार ने आनन-फानन में सदन की कार्यवाही बृहस्पतिवार तक के लिए स्थगित कर दी।
इस घटना के बाद अब लोकसभा में इस विधेयक की राह बेहद मुश्किल हो गई है। शीतकालीन सत्र का अब मात्र एक दिन ही बचा है। इससे बिल का लोकसभा में लटकना तय माना जा रहा है। हालांकि इस घटना की निंदा करते हुए संसदीय कार्यमंत्री कमलनाथ ने बृहस्पतिवार को बिल पारित कराने की कोशिश करने की ताल भी ठोकी है।
वहीं दूसरी ओर सपा प्रमुख ने यूपीए सरकार के खिलाफ बेहद आक्रामक तेवर दिखाए हैं। सदन के बाहर मुलायम ने कांग्रेस पर मनमानी का आरोप जड़ते हुए सरकार को समर्थन जारी रखने पर विचार करने तक की धमकी दे डाली है।
यशवीर को सोनिया ने की रोकने की कोशिश
दोपहर तीन बजे नारायणसामी ने बिल पर बोलना शुरू ही किया था, तभी सपा सांसद वेल में आकर हंगामा करने लगे। सपा के यशवीर सिंह ने चुपके से सरकारी पक्ष की बेंचों के पीछे से आकर बिल की प्रति छीन ली। पहली पंक्ति में बैठी सोनिया गांधी ने बिल लेकर जा रहे यशवीर को रोकने की कोशिश की।
सपा सांसद को सोनिया गांधी के नजदीक देख कांग्रेस सांसद विलास मुत्तेमवार और बापी राजू कन्नीमारी भी पहुंच गए। इस हड़बड़ी में सोनिया का संतुलन बिगड़ गया, जिन्हें मुत्तेमवार ने संभाला। एक कांग्रेस सांसद ने यशवीर का मुंह पकड़कर पीछे धकेलने की कोशिश की। बाद में कांग्रेस सदस्यों ने सोनिया को अपने घेरे में ले लिया।