वाराणसी से कांग्रेस प्रत्याशी अजय राय के खिलाफ FIR के आदेश दे दिए गए हैं। उन पर आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप है।
विज्ञापन
आरोप है कि उन्होंने अपने चुनाव चिन्ह को कुर्ते पर लगाकर वोट डाला। बीजेपी ने इस मामले में चुनाव आयोग से शिकायत की थी।
वाराणसी में विरोध प्रदर्शन
वाराणसी के जैतपुरा इलाके से खबर आ रही है कि वहां के कुछ लोगों के नाम वोटर लिस्ट से गायब हैं। वहां के स्थानीय निवासियों का आरोप है कि नाम गायब होने के कारण वो वोट नहीं डाल पा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि ऐसे लोगों की संख्या करीब 4,000 है जिनके नाम वोटर लिस्ट से गायब हैं। इस बात से लोगों में रोष है और वो विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
विवाद में फंसे अजय राय
वाराणसी के कांग्रेस उम्मीदवार अजय राय जब वोट डालने अपनी पत्नी के साथ बूथ पर पहुंचे तो उनके कुर्ते पर उनका चुनाव निशान भी लगा हुआ था।
बीजेपी ने इसे आचार संहिता का उल्लंघन बताया है और चुनाव आयोग से शिकायत कर दी है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी उमेश सिन्हा ने बताया कि वाराणसी के डीएम को मामले की जांच के लिए कहा गया है।
बीजेपी नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा है कि चुनाव आयोग को इस मामले में अजय राय पर एक्शन लेना चाहिए वहीं अजय राय ने कहा है कि उन्होंने कुछ गलत नहीं किया है।
चुनावी हिंसा में कई जख्मी
पश्चिम बंगाल में कुछ जगहों पर हिंसा की खबरें आ रही हैं। बहरामपुर में टीएमसी कार्यकर्ताओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प की खबर है।
पश्चिम बंगाल के हरौरा से भी हिंसा की खबरें आई हैं जहां पर टीएमसी कार्यकर्ताओं और सीपीएम कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हुई है।
सपा के पक्ष में वोट के लिए दवाब!
वाराणसी से आ रही खबरों के मुताबिक चोलापुर के अहिरौली स्थित बूथ पर साढ़े आठ बजे चार सिपाही सपा के पक्ष में वोट डालने के लिए वोटरों पर दबाव डाल रहे थे।
इस पर वोटर उनसे भिड़ गए। अधिकारियों ने मामला संज्ञान में आते ही सिपाही रमाकांत समेत चारों को हटा दिया।
इसके अलावा चंदौली में भी पोलिंग बूथ में सपा के स्टीकर लगे लैपटॉप की तस्वीरें सामने आने के बाद विवाद उठा है।
आरपीएन सिंह ने भी डाला वोट
कुशीनगर से कांग्रेस उम्मीदवार और केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह ने भी कुशीनगर में वोट डाला है। वोट डालने के बाद उन्होंने अपनी और कांग्रेस दोनों की जीत की उम्मीद जताई।
मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि यूपीए की सरकार तीसरी बार भी बनेगी।
जोशी ने डाला वोट
वोटिंग जारी है और देश भर की निगाहें टिकी हैं वाराणसी पर। आज वाराणसी जो फैसला सुनाएगा वही होगा इस लोकतंत्र का सबसे बड़ा फैसला।
मुरली मनोहर जोशी ने भी वाराणसी में भी वोट डाला। जोशी अभी वाराणसी से ही सांसद हैं।
सेन बहनों ने भी डाला वोट
कोलकाता में मुनमुन सेन और उनकी अभिनेत्री बेटियों ने भी वोट डाले। टीएमसी नेता और पूर्व अभिनेत्री जब वोटिंग के लिए पहुंचीं तो उनकी बेटियां रिया सेन और राइमा सेन भी उनके साथ थीं।
अरविंद केजरीवाल ने वाराणसी में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि,"वाराणसी से आम आदमी पार्टी ही जीतेगी, मोदी से यहां से हार रहे हैं, रही बात अजय राय जी की तो वो फाइट में हैं ही नहीं।"