तेंदुए ने बृहस्पतिवार की रात को कांठ के अकबरपुर चैदरी गांव में एक किसान के घर घुसकर दो बकरियों को निवाला बना लिया।
वहीं शुक्रवार की दोपहर को खेत में पेड़ पर चढ़कर तेंदुए की तलाश कर रहे युवक पर हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल युवक को पुलिस और तहसील स्टाफ ने अस्पताल में भर्ती करा दिया है।
कांठ के सलेमपुर और अकबरपुर चैदरी के आसपास देखे हुए तेंदुए की दहशत कोसों तक फैल गई है।
बकरियों को भी बनाया शिकार
बृहस्पतिवार की रात को करीब डेढ़ बजे हल्ला उस वक्त मचा जब तेंदुआ अपने शावक के साथ अकबरपुर चैदरी निवासी वीर सिंह के घर में घुस गया।
यहां बंधी दो बकरियों को मार दिया गया। इसी दौरान वीर सिंह की बहन वीरो की निगाह पड़ गई तो उसने शोर मचा दिया। शुक्रवार की सुबह को ग्रामीण लाठी डंडे लेकर तेंदुए की तलाश में निकल पड़े।
तेंदुए के खिलाफ ‘आपरेशन सर्च’
अकबरपुर और सलेमपुर के जंगल में ‘आपरेशन सर्च’ शुरू कर दिया। वन विभाग वाले भी पहुंच गए। अकबरपुर चैदरी के धर्मेंद्र सिंह (25) पुत्र अमर सिंह पेड़ पर चढ़कर तेंदुए की लोकेशन जानने की कोशिश कर रहा था।
वहीं पास के पेड़ पर इसी गांव का राजू भी था। धर्मेंद्र करीब आठ फिट ऊंचाई पर था। तभी गन्ने के खेत में छिपे तेंदुए ने छलांग लगाते हुए उस पर हमलाकर दिया। पेड़ पर चढ़े तेंदुए ने उस पर पंजों से अटैक किया।
फायरिंग से भागा तेंदुआ
पास में ही दूसरे पेड़ पर मौजूद राजू ने शोर मचाया तो खेत को घेरे ग्रामीण दौड़कर पहुंचे। कुछ ने हवाई फायरिंग भी की इसके बाद तेंदुआ भाग गया। ग्रामीण घायल धर्मेंद्र को गांव ले आए।
सूचना पर पहुंचे तहसीलदार ने उसे अपनी गाड़ी से लाकर कांठ सीएचसी पर उपचार के लिए भर्ती कराया।