दिल्ली गैंगरेप के चारों दोषियों के खिलाफ लोगों का गुस्सा अब भी कम नहीं हुआ है। दिल्ली हाई कोर्ट से बाहर आते हुए दोषियों पर महिला वकीलों ने गालियां बरसाईं और थूककर अपना गुस्सा निकाला।
दिल्ली हाई कोर्ट में मंगलवार को पेशी के बाद चारों दोषियों को पुलिस अदालत से बाहर ला रही थी तभी कुछ महिला वकीलों ने उन्हें घेर लिया। वकीलों ने चारों को खूब गालियां सुनाईं और उनके चेहरे पर थूका भी।
चारों दोषियों मुकेश सिंह, पवन गुप्ता, विनय शर्मा और अक्षय ठाकुर को फास्ट ट्रैक कोर्ट में फांसी की सजा सुनाई जा चुकी है। अदालत ने इस मामले को जघन्यतम अपराध करार दिया था।
अब इस फैसले की पुष्टि के लिए इसे दिल्ली हाई कोर्ट में भेजा गया है। निचली अदालत हर मौत की सजा के फैसले की पुष्टि के लिए उसे हाई कोर्ट भेजती है।
हाई कोर्ट ने सोमवार को आदेश दिया था कि मौत की सजा पाए चारों दोषियों को मंगलवार को उसके सामने पेश किया जाए।
अब मामले पर कल से हाई कोर्ट में सुनवाई होगी। बचाव पक्ष ने जवाब देने के लिए एक हफ्ते का समय मांगा था लेकिन अदालत ने इसे खारिज कर दिया है।
दिल्ली गैंगरेप मामले में छह आरोपी गिरफ्तार किए गए थे। जिनमें से एक ने आत्महत्या कर ली और एक नाबालिग दोषी को तीन साल की सजा सुनाई गई है।
इस घटना के बाद देशभर में जबरदस्त आक्रोश दिखा और लोग विरोध के लिए सड़कों पर उतर आए थे।