वसंत विहार गैंगरेप मामले में बचाव पक्ष के वकील रहे एपी सिंह ने कहा है कि अगर उनकी बेटी विवाह पूर्व शारीरिक संबंध बनाती है अथवा किसी पुरुष मित्र के साथ देर रात तक घूमती है तो वे उसे जिंदा जला देंगे।
सिंह के इस बयान पर बवाल मच गया है। हर ओर से उनके बयान की निंदा हो रही है। कई एनजीओ और अन्य संगठनों ने दिल्ली बार काउंसिल से सिंह के इस बयान की शिकायत की है।
बार काउंसिल ने भी सिंह के बयान को गंभीरता से लिया है और उनके खिलाफ कार्रवाई का मन बना लिया है। उन्हें जल्द ही कारण बताओ नोटिस जारी किया जा सकता है।
वसंत विहार गैंगरेप मामले में दो दोषियों के वकील रहे सिंह ने यह विवादास्पद बयान मीडिया की ओर से पूछे गए एक सवाल के जवाब दिया।
उन्होंने 23 वर्षीय पीड़िता का जिक्र करते हुए कहा कि विवाह से पूर्व किसी से शारीरिक संबंध बनाती है अथवा पुरुष मित्र के साथ घूमकर देर रात घर लौटती है तो वे उसे जिंदा जला देंगे।
गैंगरेप मामले का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वे इस तरह की स्थिति ही पैदा नहीं होने देंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि हर अभिभावक को इसी तरह का रवैया अपनाना चाहिए।
सिंह के इस बयान की हर ओर आलोचना हो रही है। दिल्ली बार काउंसिल को उनके खिलाफ कई शिकायतें मिली हैं। काउंसिल के सचिव मुरारी तिवारी ने इस बात की पुष्टि करते हुए सिंह के बयान की निंदा की है।
तिवारी ने कहा कि कई एनजीओ और अन्य संगठनों ने बार काउंसिल से संपर्क कर सिंह के बयान पर आपत्ति जताई है। काउंसिल की ओर से उनसे लिखित में शिकायत करने को कहा गया है।
तिवारी ने बताया कि 17 सितंबर को बार काउंसिल की बैठक होनी है। शिकायतें मिलने के बाद काउंसिल इस मामले को स्वत: संज्ञान में लेगी। तिवारी ने सिंह के बयान को व्यावसायिक कदाचार करार दिया है।
उन्होंने कहा है कि काउंसिल उनके खिलाफ कार्रवाई करेगी। काउंसिल के अध्यक्ष सूर्य प्रकाश खत्री ने भी सिंह के बयान की आलोचना की है। उन्होंने कहा है कि किसी भी वकील को इस तरह का बयान नहीं देना चाहिए।