सियाचिन के हीरो लांसनायक हनुमंथप्पा की पत्नी महादेवी अपनी इकलौती बेटी को सैनिक बनाना चाहती हैं। उन्होंने अपने सम्मान में आयोजित एक समारोह में कहा कि उनका कोई बेटा नहीं है लेकिन वह इस बात से दुखी नहीं हैं। उनकी एक बेटी है और चाहती हैं कि वह एक मजबूत भारतीय के रूप में बड़ी हो तथा भारतीय सेना ज्वाइन करे।
महादेवी के अनुसार यही उसके पिता के लिए सच्ची श्रद्धांजलि होगी। कार्यक्रम में हनुमंथप्पा की मां और भाई भी मौजूद थे। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की पत्नी कंचन ने जवान के परिवार को एक लाख रुपये का चेक दिया। इसी माह सियाचिन में हिमस्खलन की एक घटना में हनुमंथप्पा अपने साथियों के साथ 30 फुट नीचे बर्फ में दब गए थे, जिसमें उनके सभी साथी शहीद हो गए, लेकिन छह दिन बाद इस कुदरती आपदा से वह जीवित निकाले गए थे।
जो किसी चमत्कार से कम नहीं था। हालांकि इलाज के दौरान दिल्ली में 11 फरवरी को उन्होंने दम तोड़ दिया था। महादेवी ने कहा कि उनके पति सेना में जाना चाहते थे। उनका चयन पुलिस में भी हो गया था लेकिन उन्होंने सेना को चुना।