उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव जावेद उस्मानी ने अधिकारियों से कहा है कि महाकुंभ मेले के कल्पवासियों को उचित रेट पर गैस तथा खाद्यान्न उपलब्ध कराने के लिए केंद्र सरकार से अनुरोध किया जाए। मेला में कराये जाने वाले जनकल्याणकारी कार्यों की विस्तृत जानकारी संतों को देते हुए स्थलीय निरीक्षण भी किया जाए।
उन्होंने कहा है कि कल्पवासियों के इस्तेमाल के लिए शुद्ध जल की आपूर्ति सुनिश्चित करते हुए मेला क्षेत्र को मक्खी एवं मच्छर विहीन करने के उपाय किए जाएं। मेला क्षेत्र में तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों को नंबरयुक्त पहचान पत्र जारी किया जाए। वह कुंभ मेला कार्यों की समीक्षा कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि कुंभ मेला के कार्य निर्धारित समय के अंदर पूर्ण न हुए और अव्यवस्था हुई, तो संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने हर्षवर्धन चौराहे के पास क्षतिग्रस्त सड़क के लिए उत्तरदायी ठेकेदार से वसूली कर अगली बैठक में जानकारी देने को कहा।
उस्मानी ने नगर निगम कार्यों की थर्ड पार्टी निरीक्षण की व्यवस्था कराए जाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन की स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त संख्या में चिकित्सकों एवं पैराचिकित्सकों की तैनाती की जाएगी। मेला क्षेत्र के अस्पतालों एवं मेडिकल कॉलेजों में पर्याप्त दवाएं एवं उपकरणों की व्यवस्था की जाएगी।
इसके अलावा कंट्रोल रूम के अधिकारियों व कर्मचारियों को तीन शिफ्टों में तैनात किया जाएगा। शिकायत दर्ज होने के 30 मिनट के अंदर उसका समाधान किया जाएगा। कंट्रोल रूम पर तैनात अधिकारियों के नाम एवं टेलीफोन नंबरों का प्रचार-प्रसार मेला क्षेत्र में किया जाएगा।
मुख्य सचिव ने कहा कि मेला क्षेत्र में स्थापित होने वाले 1000 गैर परंपरागत शौचालयों की समुचित सफाई की व्यवस्था के लिए शिफ्टवार सफाई कर्मी तैनात किए जाएंगे। कुंभ मेला से संबंधित कार्य 20 दिसंबर तक पूर्ण कराने होंगे। जिन कार्यों का पूर्ण करने का लक्ष्य 31 दिसंबर निर्धारित किया गया है, उन्हें भी 10 दिन पूर्व ही पूर्ण करा लिया जाए। सीवेज पंपिंग स्टेशन एवं सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का काम भी 31 दिसंबर तक पूर्ण कराया जाएगा।