भाजपा से निलंबित किए गए सांसद कीर्ति आजाद पर पार्टी में तकरार बढ़ने की आशंका दिख रही है। पार्टी आलाकमान ने माफी नहीं मांगने पर कीर्ति को बाहर का दरवाजा दिखाने का मन बना लिया है।
वहीं पार्टी को भेजे अपने जवाब में सवालों की बौछार करने वाले कीर्ति पूरे मामले में फिलहाल हथियार डालने के मूड में नहीं हैं। इसके अलावा पार्टी के बुजुर्ग नेताओं को पहले ही कीर्ति के खिलाफ की गई कार्रवाई बेहद नागवार गुजरी है।
पार्टी के अतिविशिष्ट सूत्र के मुताबिक कीर्ति द्वारा कारण बताओ नोटिस पर दिया गया जवाब आलाकमान को बेहद नागवार गुजरा है। नेतृत्व ने करीब-करीब तय कर लिया है कि अगर कीर्ति पूरे मामले में माफी नहीं मांगते तो उन्हें पार्टी से बर्खास्त कर दिया जाएगा।