भारतीय स्टील किंग लक्ष्मी मित्तल को फैक्टरी बंद करने से रोकना और उन्हें मारना आपकी जीत तय कर सकता है।
रुकिए, रुकिए। हम यहां असल घटना नहीं, बल्कि एक ऑनलाइन गेम की बात कर रहे हैं।
नई फ्रेंच ऑनलाइन गेम में आप स्टील कंपनी आर्सेलरमित्तल के वर्कर बनकर पुलिस और स्टील किंग के रोबोट वर्जन से लड़कर फैक्टरी को खुला रखने की कोशिश कर सकते हैं।
'किल मित्तल' नाम का यह गेम फ्रांस के फ्लोरेंज शहर में लक्ष्मी मित्तल को स्टील ब्लास्ट फर्नेस बंद करने से रोकने से जुड़ी असल घटना से प्रेरित है।
वीडियो गेम के फाउंडर एलेग्जेंड्रे ग्रिलेटा का कहना है, 'यह गेम हिंसा या बड़े बॉस को मारने की प्रेरणा कतई नहीं देता। मैंने जानबूझकर कार्टून वर्जन चुना है और गेम में आपको खून नहीं नजर आएगा।'
उन्होंने कहा, 'फ्लोरेंज के कर्मचारियों की कहानी एक बढ़िया विषय थी, जिसमें हीरो भी थे और विलेन भी। ऐसे में यह वीडियो गेम बनाने के लिए सभी जरूरी सामग्री रखती है।'
इस गेम में कुछ ऐसा दिखाया गया है कि साल 2030 चल रहा है और मित्तल के पास दुनिया की ज्यादातर स्टील कारखानों का मालिकाना हक है। वे इन्हें बंद कर रहे हैं, जिससे हजारों स्टीलकर्मियों पर संकट है।
गेम के इंट्रो में भी यही बात बताई गई है। जब इसमें प्लेयर मित्तल रोबोटा को शिकस्त देता है, तो गेम याद दिलाता है कि यह केवल एक संघर्ष था और जल्द ही मित्तल की जगह कोई दूसरा ले लेगा।