नए साल का जश्न मनाने के लिए बोक्कापुरम के जंगलों में स्थित एक निजी रिसोर्ट में विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद के सपरिवार ठहरने से पर्यावरणवादी काफी गुस्से में हैं। हाथी कारिडोर में आने के कारण इस रिसोर्ट को गैरकानूनी बताते हुए कोर्ट ने बंद करने के आदेश दिए हैं।
मद्रास हाईकोर्ट ने ऐसे कई रिसोर्ट को हाथी कारिडोर में आने के कारण बंद करने का आदेश दिया था जिस पर इनके मालिकों ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की है। वहां अभी यह केस लंबित है। यद्यपि राज्य सरकार ने प्रोटोकाल के तहत खुर्शीद व उनके परिवार के लिए मुदुमलाई टाइगर रिजर्व के वीआईपी गेस्ट हाउस में ठहरने का इंतजाम किया था।
तमिलनाडु ग्रीन मूवमेंट के संयोजक के. मोहनराज सहित अनेक पर्यावरण कार्यकर्ताओं ने गदलूर स्थित इस प्रतिबंधित रिसोर्ट में खुर्शीद के ठहरने की निंदा करते हुए कहा है कि यह फारेस्ट एक्ट और न्यायालय की अवहेलना है।