कानून मंत्री सलमान खुर्शीद ने अरविंद केजरीवाल पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि केजरीवाल बेतुके आरोपों के जरिए बड़ी पार्टियों को बरबाद कर अपनी पार्टी खड़ी करने का सपना देख रहे हैं। लेकिन कांग्रेस जैसे हाथी के सामने केजरीवाल की हैसियत चींटी से ज्यादा नहीं है। खुर्शीद ने यह भी कहा कि केजरीवाल को दूसरों पर कीचड़ उछालने की बजाय खुद के एनजीओ पर लगे विदेशी धन लेने के आरोपों का जवाब देना चाहिए।
एक इंटरव्यू में खुलकर बातचीत करते हुए खुर्शीद ने केजरीवाल को फर्रुखाबाद आने की धमकी देने के आरोपों से साफ इनकार किया। उन्होंने कहा कि मैं उन्हें धमकी क्यों दूंगा। वह हैं क्या। उनकी हैसियत और व्यक्तित्व क्या है। वह बहुत छोटे हैं। हमारी पार्टी के सामने उनका क्या वजूद है। एक चींटी हाथी को खत्म नहीं कर सकती। एक क्या यदि सौ चीटियां हाथी की सूंड़ में घुस जाएं तो भी उसका कुछ नहीं बिगड़ने वाला। उन्होंने कहा कि उनके बयान को तोड़ मरोड़ कर पेश किया गया।
जब उनसे पूछा गया कि क्या कांग्रेस और भाजपा नेताओं पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों से किसी नए राजनीतिक दल को फायदा मिलेगा तो खुर्शीद ने कहा कि यह कुछ लोगों की कोरी कल्पना है। कुछ लोग मानते हैं कि लंबे समय से स्थापित पार्टियों को वे इस तरह के बेबुनियाद आरोप लगाकर बरबाद कर देंगे। हालांकि खुर्शीद ने कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह की ओर से केजरीवाल पर लगाए गए आरोपों की पुष्टि करने से इनकार कर दिया, लेकिन उन्होंने कहा कि सभी आरोपों का जवाब दिया जाना चाहिए।
दिग्विजय सिंह ने अच्छे तथ्य जुटाए हैं। टीम केजरीवाल पर वार करते हुए उन्होंने कहा कि यह बड़ी अजीब बात है कि वे तो किसी से भी सवाल पूछ सकते हैं और उनके जवाब भी चाहते हैं। लेकिन जब उनसे सवाल किए गए तो जवाब ही नहीं दे रहे हैं। केजरीवाल को जवाब देना चाहिए। मैंने तो भारत लौटने के तीन घंटे के अंदर ही उनके सवालों के जवाब दे दिए थे।
खुर्शीद ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वाड्रा के जमीन सौदों में अनियमितताओं के आरोपों को भी खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि इन सौदों में कुछ भी गलत नहीं है। उन्होंने वाड्रा मामले से पार्टी की छवि खराब होने की बातों को खारिज कर दिया।
मैं भी इनसान हूं
खुर्शीद ने कहा कि मैं भी इनसान हूं, मुझे भी गुस्सा आ सकता है। जब मैं विदेश में था तो यहां सड़कों पर मुझे और मेरी पत्नी को गिरफ्तार करने की मांग की जा रही थी। इसे लेकर कभी मुझे गुस्सा आया तो कभी दुख हुआ। मुझे चिंता भी हुई कि मैं यहां एक सरकार का प्रतिनिधित्व कर रहा हूं। एक कानून मंत्री के तौर पर मैं अपना बचाव नहीं कर सकता तो अपनी पार्टी या सरकार का बचाव कैसे करूंगा।
खुर्शीद की सफाई
मैंने केजरीवाल को कोई धमकी नहीं दी थी पर मेरी बात को गलत तरीके से पेश किया गया। मैंने कहा था कि केजरीवाल फर्रुखाबाद जाएंगे, तो जब वे लौटेंगे तो उन्हें उनके आरोपों का जवाब मिल चुका होगा। मैंने अपना खून इस्तेमाल करने की जो बात कही थी, उसका आशय यह था अब मैं अपने खून से अपनी व्यथा लिखूंगा। मैं हिंसा की बातें नहीं करता। मैं धमकी कैसे दे सकता हूं।
आरोपों से पाक साफ होकर निकलेंगे
खुर्शीद ने भरोसा जताया कि उनके एनजीओ पर लगे आरोपों से वह पाक-साफ होकर निकलेंगे। हालांकि उन्होंने कहा कि आरोपों से उनकी छवि को धक्का तो लगा ही है।