हरियाणा के जींद जिले के गांव कंडेला की पंचायत ने लड़कियों के मोबाइल फोन पर रखने पर प्रतिबंध लगा दिया। पंचायत अब गांव में घूमने वाले आवारा लड़कों और शराबियों से भी सख्ती से निपटेगी। ये फैसले रविवार को हुई गांव की पंचायत में लिये गए।
सामाजिक समस्याओं को लेकर गांव कंडेला में गांव की चौपाल में पंचायत हुई। इसकी अध्यक्षता सरपंच रणधीर सिंह ने की। पंचायत ने कई निर्णय सर्वसम्मति से पास किए। पंचायत ने लड़कियों के मोबाइल फोन रखने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का फैसला सुनाया। इसके अलावा पंचायत ने गांव में शराब के खुर्दों को बंद करवाने का प्रस्ताव भी पास किया।
पंचायत में तय हुआ कि कन्या भ्रूण हत्या से सख्ती से निपटा जाएगा। गांव का माहौल खराब न हो इसके लिए पंचायत गलियों में घूमने वाले आवारा युवकों और नशेड़ियों से सख्ती से निपटेगी।