कोलकाता के मशहूर स्कॉटिश चर्च कालेज ने छात्र-छात्राओं के लिए एक ड्रेस कोड तय कर दिया है। कॉलेज ने अपने नोटिस बोर्ड पर एक नोटिस चस्पा करते हुए अपने यहां पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को बताया है कि क्या पहनें और क्या न पहनें।
कॉलेज की तरफ से ड्रेस कोड लगाए जाने का विरोध करने का फैसला अब वहां के छात्रों ने किया है। नोटिस में कहा गया है कि छात्र-छात्राएं ऐसी ड्रेस में आएं जोकि एकेडमिक माहौल के हिसाब से हों। छात्रों से साफ और सभ्य कपड़े पहन कर आने के लिए कहा गया है।
ड्रेस कोड लागू करने को लेकर कॉलेज के छात्रों के साथ-साथ शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकताओं ने इस फैसले का विरोध करने का फैसला किया है। इसको लेकर एक कैपेनिंंग भी लांच की जाएगी।
शिक्षाविद् पबित्रा सरकार ने कहा कि कॉलेज का रवैया बिल्कुल भी स्वीकार योग्य नहीं है। छात्रों के ऊपर इस तरह के निर्णय को लागू करना एकदम तानाशाही रवैए जैसा है। वहीं सामाजिक कार्यकर्ता मीरातुन नाहर ने कहा कि ऐसा करना छात्रों के अधिकारों तक एक तरह का अतिक्रमण है।
कॉलेज ने अपने नोटिस बोर्ड में लिखा है कि लड़के कॉलेज में आते समय इस बात का ध्यान रखेंगे कि उन्होंने कोई इयरिंग न पहनी हो। साथ ही फैशियल स्ट्डस न किया हो। टीशर्ट पर किसी भी तरह कोई भी मैसेज भी न लिखा हो। छोटे ट्राउजर और राउंड नेक की टीशर्ट भी नहीं पहन सकते हैं। छात्राओं की स्लिट स्कर्ट पर भी रोक लगा दी गई है। साथ ही गाइडलाइंस जारी करते हुए कहा गया है कि गलत तरीके सलवार कमीज और साड़ी भी न पहनें।