इंडिया अगेंस्ट करप्शन की रैली में पहली नवंबर को अरविंद केजरीवाल डॉ.जाकिर हुसैन मेमोरियल ट्रस्ट के सत्रह जिलों के विकलांग लाभार्थियों की सत्यापित सूची का खुलासा करेंगे। आईएसी टीम के शीर्ष सदस्य संजय सिंह ने बताया कि रैली में केजरीवाल पर हमला हुआ तो उसके लिए केंद्र और राज्य सरकारें जिम्मेदार होंगी। 26 नवंबर को आईएसी के राजनीतिक दल की घोषणा होगी। पार्टी लोकसभा चुनाव में 543 सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी। आईएसी टीम के पूर्व सांसद इलियास आजमी ने कहा कि मुलायम सिंह यादव केंद्रीय कानून मंत्री सलमान खुर्शीद की मदद कर रहे हैं।
आईएसी टीम पर हुए हमले के बाद यहां पहुंचे संजय सिंह ने कहा कि हम ऐसी कायराना हरकतों से डरने वाले नहीं। आईएसी टीम के लक्ष्मण सिंह, मुन्नालाल राजपूत, लोक समिति के अध्यक्ष सुल्तान सिंह और मीडियाकर्मियों पर हमला बौखलाहट का नतीजा है। तहरीर देने के बावजूद एसपी ने रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई। आईएसी की रैली में एक नवंबर को अरविंद केजरीवाल पर हमला हुआ तो उसके लिए केंद्र और राज्य सरकार जिम्मेदार होंगी।
संजय सिंह ने कहा कि डॉ. जाकिर हुसैन मेमोरियल ट्रस्ट ने खूब गड़बड़ियां की हैं। 12 जून, 2012 को उत्तर प्रदेश सरकार के विशेष सचिव अनिल सागर ने केंद्र के सामाजिक न्याय अधिकारिता मंत्रालय को भेजी रिपोर्ट में 10 जिलों के अधिकारियों के फर्जी हस्ताक्षर होने का खुलासा किया था। विकलांग उपकरण बांटे बिना नाम चढा़ लिए गए। बुलंदशहर के जिस चिकित्सा केंद्र और शाहजहांपुर के विकास खंड का ट्रस्ट की सूची में उल्लेख है, वह हकीकत में हैं ही नहीं।
उन्होंने कहा कि केजरीवाल के नेतृत्व में बनने वाली पार्टी की घोषणा 26 नवंबर को होगी। पार्टी लोकसभा चुनाव में 543 सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी। जरूरी मसले अन्ना हजारे से भी साझा किए जा रहे हैं। आईएसी का सबसे बडा़ सियासी मुद्दा भ्रष्टाचार है।
आईएसी टीम के पूर्व सांसद इलियास आजमी ने कहा कि मुलायम सिंह सलमान की मदद कर रहे हैं। पहली रिपोर्ट भी सरकार की ही है। ऐसे में दोबारा जांच का मतलब नहीं है। मैनपुरी के विकलांग पंकज यादव ने बताया कि वह पैर से विकलांग हैं लेकिन सिर्फ कागजों पर उसे हियरिंग मशीन दी गई। इस दौरान कानपुर शहर, कानपुर देहात, एटा, मैनपुरी, इटावा और अलीगढ़ के भी आईएसी कार्यकर्ता संजय सिंह के साथ रहे।