आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी को सीधी चुनौती देते हुए उत्तर प्रदेश की वाराणसी सीट से चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। गौरतलब है कि भाजपा ने शनिवार को ही इस सीट से नरेन्द्र मोदी की उम्मीदवारी का एलान किया है।
अरविंद केजरीवाल ने बेंगलूरू में एक रोड शो के दौरान कहा, "बीजेपी के नरेन्द्र मोदी को हराना है। पार्टी के अंदर आज एक मीटिंग हुई। पार्टी ने कहा कि मुझे मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ना चाहिए।" उन्होंने कहा, "मैं जानता हूं कि ये बड़ी चुनौती है, मुझे ये चुनौती स्वीकार है।"
केजरीवाल ने कहा कि पार्टी ने उन्हें बनारस से टिकट दिया है और उन्हें ये चुनौती स्वीकार है, लेकिन इस बारे में वो 23 मार्च को बनारस में एक रैली कर जनता की राय लेंगे और अगर जनता की राय भी यही होगी तो वो नरेन्द्र मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे। आम आदमी पार्टी ने अपने कार्यकर्ताओं को वाराणसी पहुंचने का निर्देश दिया है।