अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को एक बार फिर राजधानी की राजनीति में हलचल पैदा की। केंद्रीय कानून मंत्री सलमान खुर्शीद और उनकी पत्नी लुईस खुर्शीद पर अशक्तों का पैसा हड़पने का आरोप लगाते हुए केजरीवाल अपने समर्थकों के साथ जनपथ पर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए। करीब चार घंटे तक पुलिस वीवीआईपी इलाके से उन्हें हटाने में नाकामयाब रही। इसके बाद पुलिस ने समर्थकों के साथ केजरीवाल को हिरासत में लेकर बवाना स्थित अस्थायी जेल भेज दिया। केजरीवाल ने जेल से ऐलान किया कि कानून मंत्री को बर्खास्त करके उनकी पत्नी को गिरफ्तार करने की मांग अगर नहीं मानी गई तो वह जेल से बाहर नहीं निकलेंगे।
केजरीवाल, समर्थकों और राष्ट्रीय अशक्त पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ करीब 11 बजे इंदिरा गांधी मेमोरियल के नजदीक पहुंचे और 7 रेसकोर्स रोड की तरफ मार्च शुरू कर दिया। प्रधानमंत्री आवास का घेराव करने के लिए थोड़ा आगे बढ़ते ही जनपथ पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोक लिया। इसके बाद केजरीवाल और गोपाल राय समर्थकों के साथ सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। इस दौरान ऐलान किया गया कि कानून मंत्री सलमान खुर्शीद के इस्तीफे के बाद धरना खत्म होगा।
केजरीवाल ने आरोप लगाया कि खुर्शीद दंपति ने विकलांगों के साथ धोखा किया है। दोनों ताकतवर हैं और सबूतों से छेड़छाड़ हो सकती है। लिहाजा, कानून मंत्री इस्तीफा दें और उनकी पत्नी को गिरफ्तार किया जाए। इस बीच करीब एक बजे उन्होंने ऐलान किया कि यह जगह दूसरा तहरीर चौक बनेगी। छुट्टी लेकर आम लोगों को मौके पर पहुंचना चाहिए। लड़ाई आरपार की है। प्रधानमंत्री को हमसे मुलाकात करनी होगी और खुर्शीद को इस्तीफा देना होगा। उन्होंने सवालिया लहजे में पूछा कि प्रधानमंत्री को आम लोगों से मिलने में क्यों डर लग रहा है?
थोड़ी देर बाद मनीष सिसोदिया भी मौके पर पहुंच गए। करीब तीन बजे पुलिस ने समर्थकों के साथ केजरीवाल को हिरासत में लेकर थोड़ी देर बाद छोड़ दिया। वे समर्थकों के साथ बाबा खड़ग सिंह मार्ग पर दुबारा धरने पर बैठ गए। तब पुलिस ने केजरीवाल, मनीष सिसौदिया के साथ समर्थकों को बवाना की अस्थायी जेल में पहुंचा दिया। कुछ देर बाद गोपाल राय को भी वहां लाया गया।
पुलिस ने सर्मथकों को पीटा: केजरीवाल
नई दिल्ली। इंडिया अगेंस्ट करप्शन (आईएसी) ने पुलिस पर जबरदस्ती करने का आरोप लगाया है। आईएसी के मुताबिक, अरविंद केजरीवाल को हिरासत में लेते समय कई समर्थकों को बुरी तरह पीटा गया। वहीं, कई महिला समर्थकों को हिरासत में लेते समय महिला पुलिसकर्मी नदारद थीं। वहीं पुलिस का कहना है कि 350 लोगों को हिरासत में लेकर बवाना स्थित अस्थाई जेल पहुंचा दिया गया। केजरीवाल को अस्थाई जेल पहुंचने की सूचना पर बड़ी संख्या में समर्थक बवाना पहुंच गए। यहां सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। हालात को देखते हुए अर्द्धसैनिक बलों के साथ भारी संख्या में पुलिस तैनात किया गया है। सभी लोगों को रात में जेल में ही रखा जाएगा।
गोपाल राय ने किया हंगामा
पहले हिरासत में लेने के बाद गोपाल राय को पार्लियामेंट थाने के पास छोड़ दिया गया। इस पर समर्थकों के साथ गोपाल राय वहीं धरने पर बैठ गए। मामला बिगड़ता देखकर पुलिस को दोबारा हिरासत में लेना पड़ा। इसके बाद इन्हें भी बवाना स्थित अस्थाई जेल पहुंचा दिया।
देश्ा का इंसाफ देखिए
देश का इंसाफ देखिए, जो लोग भ्रष्टाचार कर रहे हैं वे खुलेआम घूम रहे हैं। जबकि जो लोग इसके खिलाफ आवाज उठाते हैं, पुलिस उन्हें पकड़ रही है।
- अरविंद केजरीवाल