एक वक्त था, जब अरविंद केजरीवाल का हर दांव सही साबित हो रहा था। अन्ना आंदोलन के बाद सियासत में उतरने का फैसला, दिल्ली विधानसभा चुनाव लड़ने का निर्णय, सरकार बनाना, सरकार बनाकर धड़ाधड़ फैसले करना।
विज्ञापन
लेकिन जब आम आदमी पार्टी दिल्ली की सत्ता छोड़ लोकसभा चुनावों में उतरी, तो खेल में कुछ बदलाव आ गया। ऐसा नहीं कि उन्हें मिलने वाला समर्थन गायब हो गया, लेकिन आलोचना जरूर होने लगी।
इस बीच कुछ बयान देने और बाद में उनसे पलटने को लेकर भी आम आदमी पार्टी के नेता केजरीवाल घेरे जाते रहे। लेकिन अब उन्होंने कुछ ऐसा कह दिया है, जिसे सुनकर आपको एक बार शायद यकीन न आए।
विज्ञापन
भाजपा में शामिल हो जाऊंगाः केजरीवाल
इन दिनों दिल्ली में चुनाव प्रचार कर रहे आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि अगर भाजपा गैस के दाम नहीं बढ़ाएगी, तो वो उसका समर्थन करेंगे।
पूर्वी दिल्ली के गांधी नगर इलाके में उन्होंने कहा कि अगर नरेंद्र मोदी यह वादा करते हैं कि गैस के दामों में इजाफा नहीं किया जाएगा, तो वो भाजपा में 'शामिल' हो जाएंगे।
कुछ दिन पहले चंडीगढ़ में आयोजित रैली में केजरीवाल ने कहा था कि नरेंद्र मोदी ने केंद्र सरकार को पत्र लिखकर गैस के दामों में तीन गुना इजाफा करने को कहा है, ताकि उद्योगपति मुकेश अंबानी को फायदा पहुंचाया जा सके।
कांग्रेस, भाजपा दोनों पर किया हमला
अरविंद केजरीवाल ने कहा था, "गैस की कीमतों में तीन गुना बढ़ोतरी का प्रस्ताव इसलिए किया गया, ताकि अंबानी को लाभ मिले, क्योंकि तेल के कुएं उन्हीं के हैं।"
उन्होंने कहा, "मोदी और राहुल गांधी, दोनों ट्रैवल करने के लिए अंबानी का हवाई जहाज इस्तेमाल करते हैं...वे दोनों अंबानी को फायदा पहुंचाते हैं।" हालांकि, बाद में अरविंद केजरीवाल इस बात से यूटर्न ले गए कि उन्होंने कभी भी भाजपा में शामिल होने की बात कही है।
पूर्वी दिल्ली में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार राजमोहन गांधी के समर्थन में रैली करने आए केजरीवाल कहा कि वो भाजपा में शामिल नहीं होने जा रहे और बनारस में मोदी को शिकस्त देने में कामयाब रहेंगे।
बाद में भाजपा में शामिल होने की बात से मुकरे
अरविंद केजरीवाल ने कहा, "अगर मेरा लक्ष्य संसद में पहुंचना होता, तो मैं किसी सुरक्षित सीट से लोकसभा चुनाव लड़ता। मैं मोदी को हराना चाहता हूं। इसलिए वाराणसी से चुनाव लड़ना चाहता हूं।"
उन्होंने कहा, "राहुल गांधी को हराना भी जरूरी है। इसलिए आम आदमी पार्टी के नेता कुमार विश्वास को वहां लड़ने के लिए भेजा गया है। मोदी और राहुल, दोनों को हराना जरूरी है। दोनों दर भ्रष्टाचार में डूबे हैं।"
केजरीवाल ने इन खबरों से इनकार किया कि वो बाद में भाजपा में शामिल हो सकते हैं। उन्होंने कहा, "मैं यह नहीं कहा और मैं कभी भी इन दलों के साथ नहीं जाऊंगा।"
अरविंद केजरीवाल के साथ करीब 800 समर्थक थे। इनमें से कुछ पैदल चल रहे थे और कुछ मोटरसाइकिल पर। जब कभी वो भाषण देने के लिए रुकते, वहां भीड़ जुट जाती।
केजरीवाल ने इस मौके पर उन घटनाओं का जिक्र किया, जब हरियाणा के भिवानी और गुजरात में उन पर हमले किए गए थे। बनारस में उन पर अंडे फेंके गए थे।
उन्होंने कहा, "इन सभी घटनाओं के लिए भाजपा और कांग्रेस जिम्मेदार हैं। वे हमें कुचलना चाहते हैं। लेकिन हम कभी झुकेंगे नहीं। हम आखिरी सांस तक भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ेंगे।"