लोकसभा चुनावों में वाराणसी पहले ही हाई प्रोफाइल सीट बनी हुई थी, वहीं अब दिग्गज नेताओं के चुनाव प्रचार और रोड शो ने यहां की राजनीति को और ज्यादा गर्मा दिया है।
गुरुवार को नरेंद्र मोदी के रोड शो के बाद शुक्रवार को आम आदमी पार्टी के नेता और वाराणसी से प्रत्याशी अरविंद केजरीवाल ने भी अपना रोड शो निकाला।
केजरीवाल के रोड शो के दौरान वाराणसी की सड़कों पर भीड़ तो उमड़ी, लेकिन कुछ नजारे ऐसे भी सामने आए जो वाकई में दिलचस्प थे।
भाजपा समर्थकों से भी मांगे वोट
रोड शो के दौरान जिन घरों पर भाजपा के झंडे लगे हुए थे, उन घरों में जाकर आप समर्थकों ने पार्टी प्रत्याशी अरविंद केजरीवाल को वोट देने की अपील की।
उन्होंने भाजपा समर्थकों को आप की टोपी और पैम्फलेट बांटे। आप समर्थकों के विनम्र व्यवहार को देखकर कई लोग उनके मुरीद हो गए।
रोड शो के दौरान चर्चित संगीतकार विशाल ददलानी, अभिनेता जावेद जाफरी समेत कई सिने स्टार लोगों से केजरीवाल के समर्थन में वोट मांग रहे थे। अपने बीच फिल्मी सितारों को पाकर लोग काफी उत्साहित दिखे।
स्कूटी पर आई युवती और चिल्लाने लगी मोदी-मोदी
अरविंद केजरीवाल अपने रोड शो के दौरान हजारों समर्थकों के साथ लंका चौराहे से मैदागिन के लिए निकले। रास्ते में सड़क के दोनों तरफ खड़े लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया।
रविंद्रपुरी मोड़ पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने केजरीवाल का विरोध करने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने उनको लाठियां भांजकर भगा दिया।
केजरीवाल का काफिला गुजर ही रहा था कि अचानक स्कूटी पर सवार एक युवती भीड़ में घुस गई और मोदी-मोदी चिल्लाने लगी। यह देख एकबारगी सभी दंग रह गए। कुछ ही देर में युवती भीड़ के बीच रास्ता तलाशते निकल गई।
सुरक्षा में तैनात एक पुलिस वाले ने आप कार्यकर्ताओं को यह कहकर समझाया कि एक ही थी, जाने दो।
‘अबकी बार झाड़ू सरकार’
केजरीवाल का रोड शो शुरू होने के बाद आप नेता और अमेठी से पार्टी प्रत्याशी कुमार विश्वास ने माइक संभाल लिया। रैली में उमड़ी भीड़ से उत्साहित कुमार विश्वास ने नारा लगाना शुरू कर दिया ‘मार मोहरिया तान के, झाडू़ के निशान पर’।
समर्थकों ने भी जोरदार तरीके से उनका साथ दिया। ‘अभी तो शीला हारी है, अब मोदी की बारी है’ नारा भी खूब गूंजा। रैली में केजरीवाल प्रशंसकों ने भाजपा के बहुचर्चित नारे ‘अबकी बार मोदी सरकार’ की तर्ज पर ‘अबकी बार झाड़ू सरकार’ का नारा भी लगाया।