फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

केजरीवाल का नेताओं से सीधी लड़ाई का ऐलान

Tue, 27 Nov 2012 12:43 AM IST
नई दिल्ली/ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
संसद मार्ग पर भारी भीड़ के बीच अरविंद केजरीवाल ने आम आदमी पार्टी (एएपी) की औपचारिक शुरुआत की। इस मौके पर उन्होंने ऐलान किया कि आगे होने वाले सभी चुनावों में एक तरफ सारे नेता होंगे और दूसरी तरफ आम आदमी। चुनावों में सीधी लड़ाई आम आदमी और नेताओं के बीच होगी।
विज्ञापन


अरविंद केजरीवाल ने कहा, ‘आम आदमी 26 नवंबर को संसद मार्ग पर राजनीतिक क्रांति की शुरुआत कर रहा है। हमारी किसी पार्टी या नेता से कोई दुश्मनी नहीं, बल्कि हम सब व्यवस्था बदलना चाहते हैं। ऐसी व्यवस्था लाना हमारा मकसद है, जिसमें संविधान की प्रस्तावना की भावना को हकीकत में बदला जा सके। अब संसद में नेता नहीं, बल्कि आम आदमी, महिला, छात्र और बुजुर्ग बैठेंगे।’

केजरीवाल ने कहा कि आज भी आम आदमी ईमानदार है, लेकिन सड़ी-गली मौजूदा व्यवस्था उसे भ्रष्ट होने को मजबूर कर रही है। इस व्यवस्था को बदलना है। हम ऐसी व्यवस्था शुरू करेंगे, जिसमें नेता और नौकरशाह जनता के प्रति जिम्मेदार होंगे।
विज्ञापन


उन्होंने महंगाई के लिए सीधे सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि सोनिया गांधी, राहुल गांधी या सुषमा स्वराज चाहें तो पांच मिनट में महंगाई दूर हो सकती है। सरकार बड़े-बड़े उद्योगपतियों को पांच लाख करोड़ रुपये की छूट देती है और आम लोगों पर दो लाख करोड़ का टैक्स लगाया जाता है। अगर आम आदमी के हित में फैसला लिया जाए तो दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 50, डीजल की 40 और एलपीजी सिलेंडर की कीमत 300 रुपये होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि अब आम आदमी जाग गया है। संसद में जाकर अब वह तय करेगा कि उसकी जरूरतें क्या हैं और उनको पूरा करने का तरीका क्या हो सकता है। इससे पहले केजरीवाल अपने समर्थकों के साथ राजघाट गए। उसके बाद काफिला सिविल लाइंस इलाके में बी आर अंबेडकर मेमोरियल गया। पार्टी की शुरुआत के लिए 26 नवंबर की तारीख क्यों चुनी गई, इस पर उन्होंने बताया कि 1949 में इसी दिन देश का संविधान स्वीकार किया गया था। इस मौके पर केजरीवाल और अन्य लोगों ने राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के सभी कमांडो को भावभीनी श्रद्धांजलि दी, जो मुंबई हमले के दौरान आतंकियों का शिकार बने थे।

बनाया अपना लोकपाल
स्थापना दिवस के दिन पार्टी ने अपना लोकपाल भी गठित किया। इसके सदस्य झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश भगवती प्रसाद शर्मा और पूर्व नौसेना अध्यक्ष एडमिरल रामदास होंगे। इस मौके पर पूर्व नौ सेना प्रमुख ने कहा कि अगर यह पार्टी अपना लोकपाल गठित कर सकती है तो दूसरी पार्टियों को भी इसमें दिक्कत नहीं होनी चाहिए।

जमकर मिला चंदा
दिन भर चली रैली में शामिल लोगों ने करीब 1,62,000 रुपये से ज्यादा दान दिया। वहीं, शांति भूषण ने एक करोड़ रुपये और एक व्यक्ति ने 99,999 का चेक पार्टी को दिया।

टोरंटो में खुलेगा कार्यालय
मंच से घोषणा की गई कि कनाडा के टोरंटो में रहने वाले राहुल कुमार ने पार्टी कार्यालय के लिए अपने मकान का एक हिस्सा दे दिया है। शाम को बताया गया कि देश भर से ऐसे 300 से ज्यादा लोगों ने कार्यालय के लिए जगह देने की पेशकश की है।

कम पड़े सदस्यता फॉर्म
लोगों के बीच पार्टी की सदस्यता लेने की होड़ रही। दोपहर 12 बजे के करीब दस हजार फॉर्म खत्म हो जाने से सदस्यता अभियान बीच में रोकना पड़ा। अरविंद केजरीवाल को भी मंच से बार-बार गुजारिश करनी पड़ी कि अगर फॉर्म नहीं मिल पाता तो पार्टी की आधिकारिक वेबसाइट से इसे डाउनलोड कर पार्टी मुख्यालय में भेजा सकता है। वहीं, बुधवार से शनिवार तक मुख्यालय में फॉर्म मिलेंगे। इस दौरान फॉर्म भरने वाले सभी लोगों को संस्थापक सदस्य माना जाएगा। देर शाम बताया गया कि करीब 15 हजार लोगों ने फॉर्म भरे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें