कांग्रेस महासचिव के पूछे गए 27 सवालों पर इंडिया अगेंस्ट करप्शन (आईएसी) के कर्ताधर्ता अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि पहले दिग्विजय सिंह उनके द्वारा पूछे गए प्रश्नों का जवाब दें फिर वह उनके सवालों का जवाब देंगे। इतना ही नहीं, उन्होंने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, सोनिया गांधी, राहुल गांधी और दिग्विजय सिंह को कई सवालों पर खुली बहस की चुनौती दी है।
सोशल नेटवर्किंग साइट ट्विटर पर केजरीवाल ने कहा है कि सबसे पहले उन्हें प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और रॉबर्ट वाड्रा से पूछे गए सवालों के जवाब चाहिए, उसके बाद वह दिग्विजय सिंह के पूछे गए सवालों का जवाब देंगे।
इससे पूर्व अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि वह दिग्विजय सिंह के खत को जवाब देने लायक नहीं समझते क्योंकि वह (दिग्विजय) कुछ भी बोल सकते हैं। हालांकि उन्होंने इस आरोप को बेबुनियाद बताया कि वह स्वयं कभी राष्ट्रीय सलाहकार परिषद (एनएसी) में शामिल होने के लिए सिंह के पास सिफारिश लेकर गए थे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस बौखला गई है, इसलिए झूठ का सहारा ले रही है। उन्होंने कहा, ‘एनएसी के सदस्यों को केवल कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ चाय पीने का मौका मिलता है और उन्हें श्रीमती गांधी के साथ बैठकर चाय पीने की कोई इच्छा कभी नहीं रही।’