ऑस्ट्रेलिया में शुक्रवार को आयोजित एक समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में भारत का गलत नक्शा दर्शा दिया गया। नक्शे में जम्मू-कश्मीर को पाकिस्तान का हिस्सा दिखाया गया।
हालांकि, विदेश मंत्रालय द्वारा कड़ा विरोध जताने के फौरन बाद ही ऑस्ट्रेलिया ने अपनी गलती मानते हुए माफी मांग ली। समारोह में उस वक्त जी-20 के सभी नेता मौजूद थे। ये नेता शनिवार से शुरू हो रहे जी-20 सम्मेलन में शामिल होने के लिए यहां हैं।
इन नेताओं के लिए ऑस्ट्रेलियाई क्वींसलैंड तकनीकी विश्वविद्यालय में एक कार्यक्रम रखा गया था। मोदी समेत जी-20 के नेताओं की मौजूदगी में एक प्रस्तुति देने के दौरान भारत का गलत नक्शा दर्शा दिया गया। इस नक्शे में जम्मू-कश्मीर को पूरी तरह से अलग दिखाया गया था।
गलत नक्शा दर्शाए जाने पर विदेश सचिव सुजाता सिंह द्वारा कड़ा ऐतराज जताने के फौरन बाद ही ऑस्ट्रेलिया ने माफी मांग ली। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सैयद अकबरुद्दीन ने भी ट्वीट कर बताया, "भारतीय विदेश सचिव ने कड़ा विरोध जताया, जिस पर दूसरी ओर से बिना शर्त माफी मांग ली गई।"