कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया महंगे शौक रखने के कारण हमेशा चर्चा में रहते हैं, लेकिन इस बार उनका ये शौक उनके जी का जंजाल बनता दिख रहा है। इस शौक के कारण ही विरोधियों ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
मुख्यमंत्री सिद्धरमैया को उनके किसी दोस्त ने 70 लाख रुपये कीमत की घड़ी उपहार में दी है। हीरे जड़ी यह घड़ी पाकर मुख्यमंत्री सवालों में घिर गए हैं। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और जेडीएस नेता कुमारस्वामी ने कहा है कि मैं इसके विरोध में नहीं हूं कि मुख्यमंत्री क्या पहनते हैं चाहे वो महंगी घड़ी ही न हो।
लेकिन मुख्यमंत्री कहते हैं कि वह राम मनोहर लोहिया के अनुयायी हैं और एक समाजवादी हैं। ऐसे में वह इतनी महंगी घड़ी कैसे पहन सकते हैं। गौरतलब है कि सिद्धरमैया तब सवालों के घेरे में आ गए हैं जब कर्नाटक के बीडर में उप चुनाव और पंचायत चुनाव होने हैं।