मुंबई के केजे सोमइया इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्रों ने कार बनाई और नाम दिया जुगाड़। उनका दावा है कि यह 1 लीटर पेट्रोल में 300 किलोमीटर दौड़ेगी।
इस कार का प्रोटोटाईप जुलाई में कुआलालम्पुर में होने वाली शेल इको मैराथन कार रेस में हिस्सा लेगा। यह रेस सेपांग इंटरनेशनल फॉर्मूला 1 सर्किट पर होनी है।
जुगाड़ का मुकाबला इस तरह के 150 अन्य मॉडलों से होगा। इसका वजन 60 किलोग्राम और यह तिपहिया फाइबरग्लास का इस्तेमाल कर तैयार की गई है।
40 मेंबर वाली डिजाइन टीम में से एक चंदन पाठक ने बताया, 'ज्यादा वजन से कार का माइलेज कम होगा, क्योंकि उसे दौड़ने के लिए ज्यादा पेट्रोल की जरूरत होगी।'
माइलेज की परख के लिए छात्रों ने 20 दिन तक 250 मिलीलीटर पेट्रोल के साथ हर रोज 10 किलोमीटर की टेस्ट ड्राइव की।
रेस के नियमो के मुताबिक हर कार को 250 मिलीलीटर पेट्रोल दिया जाएगा और 11.2 किलोमीटर ट्रैक पर दौड़ने के लिए कहा जाएगा। जो प्रोटोटाईप सबसे ज्यादा फासला तय करेगा, वही विजेता होगा।