गूगल ब्वॉय कौटिल्य पंडित की तरह सिरसा की जिया फुटेला भी विलक्षण स्मरण शक्ति की धनी हैं। जिया किसी भी सवाल का जवाब सेकेंडों में देकर सबको दांतों तले अंगुलियां दबाने पर मजबूर कर देती है।
टीवी चैनलों पर अपनी प्रतिभा का जौहर दिखा चुकी जिया का संबंध सिरसा जिले है, इसलिए यहां की 12 संस्थाओं ने उसे सम्मानित करने का कार्यक्रम बनाया है। मात्र नौ वर्ष की आयु में जिले का नाम रोशन करने वाली जिया को सभी देशों की राजधानी, सभी आविष्कारों के बारे में जानकारी है। किसी भी आविष्कार के वैज्ञानिक का नाम झट से बताती है।
बोर्ड पर सैकड़ों नंबर लिखकर जिया का एक बार दिखाने के बाद उससे पूछा जाए तो एक सेकेंड में उत्तर दे देती है। छोटी आयु में विश्वभर की जानकारी रखने वाले कौटिल्य पंडित की प्रतिभा से तो कोई अनजान नहीं होगा, ठीक उसी प्रकार सिरसा के हाउसिंग बोर्ड निवासी विनोद फुटेला की नौ वर्ष की बेटी जिया को भी पूरे वर्ल्ड के बारे में ज्ञान है।
उत्तरप्रदेश के स्कूलों ने किया है सम्मानित
जिया एक बार जो पढ़ लेती है, उसे कभी नहीं भूलती। वह हर रोज सुबह पांच से साढ़े छह बजे तक पढ़ाई करती है। जिया के पिता विनोद ने बताया कि एक बार जो जानकारी जिया को मिल जाए तो उसके बारे में कभी भी पूछे जाने पर झट से सही जवाब दे देती है।
विनोद एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते हैं, इसलिए कुरुक्षेत्र में रहना पड़ रहा है पर सिरसा में जन्मी जिया की प्रतिभा को सलाम करते हुए शहर की 12 संस्थाएं आगामी बुधवार को उसे सम्मानित करेंगी।
जिया के चाचा अविनाश फुटेला ने बताया कि जिया की प्रतिभा को देखकर उसे हरियाणा के अलावा पंजाब और उत्तर प्रदेश के शिक्षण संस्थानों ने कार्यक्रमों में बुलाकर
प्रतिभा को सबके सामने लाने का प्रयास किया है। पांचवीं कक्षा की छात्रा रिया की स्मरण शक्ति इतनी तेज है कि उसे बोर्ड पर बहुत सारे अंक लिख एक बार दिखा दें तो
उसके बाद किसी भी अंक की जगह या अन्य संबंधित सवाल किए जाएं तो झट से जवाब दे देती है।
दो साल बाद जाएगी अमेरिका
जिया एक बार किताब पढ़ ले तो वह यह भी बता देती है कि उससे जो पूछा गया है, उस सवाल का जवाब किस पेज में है और किस स्थान पर है। विश्व के सभी देशों की राजधानी उसे कंठस्थ है। विज्ञान की बात करें तो जिया को सभी आविष्कारों का पूरा ज्ञान है। कौन सा आविष्कार किस वैज्ञानिक ने कब किया, यह भी उसके स्मरण में है। शहरवासियों को अपनी बेटी पर फख्र है।
जिया ने कई टीवी चैनलों के माध्यम से भी अपनी प्रतिभा को जनता तक पहुंचाया है। जिया के पिता विनोद ने बताया कि दो वर्ष बाद उनकी बेटी अमेरिका स्थित नासा रिसर्च सेंटर का दौरा करेगी। विज्ञान की इतनी जानकारी होने पर विभिन्न संगठनों के अलावा विज्ञान अनुसंधान से जुड़े संस्थान रिया को नासा का दौरा करवाना चाहते हैं। जिया की प्रतिभा को देखकर कहा जा सकता है कि उनकी बेटी एक दिन कल्पना चावला की भांति देश का नाम रोशन करेगी।