हर हिंदू को पांच बच्चे पैदा करने की विहिप नेता अशोक सिंघल की सलाह जदयू को रास नहीं आई है।
पार्टी ने व्यंग्यात्मक लहजे में पूछा है कि दूसरों को इस तरह की सलाह देने वाले सिंघल ने खुद अपनी सलाह पर अमल क्यों नहीं किया।
सिंघल ने कथित तौर पर हिंदुओं की घटती संख्या का हवाला देते हुए इस आशय की सलाह दी थी। हालांकि इससे पहले भी विहिप के एक नेता प्रवीण तोगड़िया भी ऐसा ही बयान दे चुके हैं।
जदयू के वरिष्ठ नेता केसी त्यागी ने सिंघल की सलाह को बचकाना करार दिया। उन्होंने कहा कि विहिप ऊटपटांग तथ्यों के सहारे देश के वातावरण को खराब करना चाहती है।
त्यागी ने सवाल किया कि अगर हर हिंदू को पांच बच्चे पैदा करना इतना ही जरूरी है तो खुद सिंघल ने ऐसा क्यों नहीं किया।
उन्होंने कहा कि दूसरों को सलाह देने के बदले अगर सिंघल पहले ही ऐसा कर चुके होते तो लोगों को उनकी बात समझ में आती।