नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाए जाने का विरोध करने वाले जदयू ने कहा है कि वह जल्द ही इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करेगी।
मोदी को भाजपा ने लोकसभा चुनाव समिति का प्रमुख घोषित किया है।
इस पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि जदयू इस संबंध में विस्तारपूर्वक विचार विमर्श कर अपना रुख शीघ्र प्रकट करेगी।
अक्सर मोदी के खिलाफ खड़े दिखाई देने वाले नीतीश ने इस मुद्दे पर ज्यादा बोलने से इंकार कर दिया।
बार-बार सवाल करने पर उन्होंने कहा कि जल्द ही इस मुद्दे पर हम अपनी बात रखेंगे।
उन्होंने उन रिपोर्टों को भी खारिज कर दिया कि भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने मोदी की ताजपोशी से पहले उनसे बात की थी।
नीतीश ने कहा कि मेरे और राजनाथ सिंह के बीच कोई बात नहीं हुई। यह रिपोर्टें आधारहीन हैं। मैं सेवा यात्रा में व्यस्त था और ऐसी कोई बात नहीं हुई।
भाजपा नेतृत्व वाले एनडीए में जदयू दूसरी बड़ी पार्टी है।
मोदी की ताजपोशी को जदयू ने उनका आंतरिक मामला बताया था।
महाराजगंज उपचुनाव में जदयू की हार के बाद भाजपा महासचिव राजीव प्रताप रूडी ने कहा था कि जदयू को भी भाजपा की तरह मोदी की जरूरत है।
इस पर टिप्पणी करने से इंकार करते हुए नीतीश ने कहा कि मुझे हर नेता की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देने की जरूरत नहीं है।