अभिनेत्री और रामपुर से सांसद जयाप्रदा जल्द ही कांग्रेस में शामिल हो सकती हैं। ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि जयाप्रदा कांग्रेस की टिकट पर मुरादाबाद लोकसभा सीट से चुनाव लड़ सकती हैं।
जयाप्रदा पार्टी में शामिल होने के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से संपर्क में हैं और पार्टी उनको लेकर जल्द ही फैसला कर सकती है।
जयाप्रदा इससे पहले रामपुर सीट से समाजवादी पार्टी की टिकट पर दो बार से सांसद हैं और उन्होंने कांग्रेस की ही वरिष्ठ नेता नूर बानो को दो बार बड़े अंतर से पराजित किया था।
मुरादाबाद से टिकट दे सकती है कांग्रेस
सूत्रों के मुताबिक जयाप्रदा रामपुर से चुनाव लड़ना चाहती हैं लेकिन पार्टी अपनी वरिष्ठ नेता नूरबानो के चलते अभी फैसला आखिरी फैसला नहीं कर पाई है।
उम्मीद जताई जा रही है कि पार्टी उन्हें मुरादाबाद से टिकट दे सकती है। दरअसल मुरादाबाद के निर्वतमान सांसद और पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद अजहरुद्दीन पहले ही अपनी सीट से चुनाव न लड़ने की इच्छा जाहिर कर चुके हैं।
अजहर मुरादाबाद की जगह किसी और सीट से चुनाव लड़ना चाहते हैं। अजहर की मनाही के बाद से ही कांग्रेस इस सीट के लिए उपयुक्त उम्मीदवार ढूंढ रही थी।
2010 में सपा से निकाली गईं थी जयाप्रदा
जयाप्रदा समाजवादी पार्टी के टिकट पर 2004 में 85 हजार और 2009 में 30 हजार मतों से जीती थीं। 2010 में सपा ने पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाने के आरोप में अमर सिंह के साथ उनको भी पार्टी से निकाल दिया था।
2009 के लोकसभा चुनावों में आजम खान ने जयाप्रदा की खुलकर मुखालफत की थी। आजम खान पर आरोप थे कि उन्होंने चुनावों के दौरान जयाप्रदा की आपत्तिजनक सीडी और पोस्टर को बंटवाया था। तमाम विरोधों के बावजूद जयाप्रदा रामपुर सीट से जीती थीं।
आंध्रा की जयाप्रदा की यूपी में राजनीति
जयाप्रदा ने दो बार कांग्रेस की वरिष्ठ नेता नूर बानो को चुनाव में हराकर राजनीतिक विश्लेषकों को भी हैरान कर दिया था। जया प्रदा मूल रूप से आंध्र प्रदेश से आती हैं जबकि नूर बानो स्थानीय शाही परिवार से ताल्लुक रखती हैं।
लोकसभा चुनावों को लेकर जयाप्रदा जल्दबाजी में हैं। वह जल्द से जल्द पार्टी में शामिल होना चाहती हैं। कांग्रेस पार्टी जयाप्रदा को लेकर एक हफ्ते में फैसले ले सकती है।