कांग्रेसियों को शायद इस बात की उम्मीद थी कि रामपुर की सांसद जयाप्रदा 'धन्यवाद रैली' के जरिये कांग्रेस का हाथ थाम सकती हैं।
इसी उम्मीद से बाहरी कांग्रेसियों ने कांग्रेस नेताओं के होर्डिंग पर सांसद जयाप्रदा का भी फोटो चस्पा करा दिया।
मामला जब स्थानीय नेताओं के संज्ञान में आया तो आनन-फानन में सांसद के फोटो युक्त होर्डिंग को हटवा दिया गया।
रैली की घोषणा के बाद से इस बात के कयास लगाए जा रहे थे कि रामपुर की सांसद जयाप्रदा कांग्रेस का दामन थाम सकती हैं और उनके लोकसभा चुनाव के टिकट की भी घोषणा हो सकती है।
गफलत में रहे कांग्रेसी
इन कयासों को पिछले दिनों रामपुर पहुंचे कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष निर्मल खत्री ने यह कहकर सिरे से खारिज कर दिया था कि 'धन्यवाद रैली' में न तो कोई कांग्रेस में शामिल होगा और न ही किसी के टिकट की घोषणा की जाएगी।
इन कयासों को खारिज किए जाने के बाद भी अंदरखाने कांग्रेसियों को उम्मीद थी कि इस कार्यक्रम में रामपुर की सांसद जयाप्रदा जरूर शामिल होंगी।
यही वजह रही कि कुछ कांग्रेसी इसी गफलत में रह गए। रैली की सफलता को शहर को होर्डिंग व बैनरों से पाट दिया गया था। बाहरी कांग्रेसियों ने भी अपने बैनर पोस्टर के साथ ही होर्डिंग लगवाकर ताकत का अहसास कराया।
सोनिया गांधी संग जयाप्रदा
होर्डिंग की भीड़ में जौहर रोड पर एक होर्डिंग लोगों के आकर्षण का केंद्र बन गया। इस होर्डिंग पर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद, पूर्व सांसद बेगम नूरबानो के संग ही सांसद जयाप्रदा की भी फोटो लगी हुई थी।
यह होर्डिंग पीलीभीत संसदीय सीट से लोकसभा प्रत्याशी पद के दावेदार एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सितारगंज सुरेश गंगवार की ओर से लगाया गया था।