राजनीति में कौन कब साथ छोड़ जाए, कहना बड़ा मुश्किल है। समाजवादी पार्टी से नाता तोड़ने के बाद सांसद जया प्रदा अब अमर सिंह का भी साथ छोड़ने की तैयारी में हैं। सूत्रों के हवाले से खबर है कि जया प्रदा जगनमोहन रेड्डी की पार्टी वाईएसआर कांग्रेस में शामिल हो सकती हैं।
गौरतलब है कि जया प्रदा पिछले लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के टिकट पर यूपी के रामपुर से सांसद बनी थीं। समाजवादी पार्टी से अमर सिंह को निकाले जाने के बाद जया ने भी पार्टी को अलविदा कह दिया था। तभी से जया प्रदा अमर सिंह के साथ हैं, लेकिन अब उनके वाईएसआर कांग्रेस में शामिल होने की खबरें आ रही हैं।
माना जा रहा है कि जया प्रदा 2014 का लोकसभा चुनाव आंध्र प्रदेश की राजमुंदरी सीट से लड़ सकती हैं। गुरूवार को हैदराबाद में जया के वाईएसआर कांग्रेस में शामिल होने की औपचारिक घोषणा होने के कयास लगाए जा रहे हैं। जगनमोहन रेड्डी वाईएसआर कांग्रेस के प्रमुख हैं। अपने पिता वाईएसआर रेड्डी की मौत के बाद जगनमोहन ने कांग्रेस से नाता तोड़कर वाईएसआर कांग्रेस के नाम से अपनी पार्टी बनाई थी।