अपने फिल्मी कैरियर के दौरान कई बार लोगों ने अभिनेत्री जया बच्चन की तस्वीर अपने कैमरे में कैद की होगी। कई और तरीकों से उनके प्रति अपनी दीवानगी भी जाहिर की होगी। मगर किसी की हालत ऐसी नहीं हुई होगी जैसी राज्यसभा में जया का फोटो खींचने पर कांग्रेस सांसद प्रदीप बालमूचू की हुई।
दरअसल, भोजन अवकाश के बाद बेनी-मुलायम विवाद और श्रीलंका मुद्दे पर हंगामे के चलते राज्यसभा तीन बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। स्थगन की घोषणा के बाद करीब 2.10 बजे सदन में जब सभी सांसद आपस में बात कर रहे थे तभी बालमूचू फोन से अपनी जगह से ही जया का फोटो खींचने लगे।
इस पर नजर पड़ते ही जया उखड़ गईं और यह क्या हो रहा है कहते हुए जोर-जोर से विरोध जताने लगीं। जया को भाजपा की महिला सांसद नजमा हेपतुल्ला, माया सिंह और स्मृति इरानी का भी समर्थन मिला और इन्होंने भी फोटो पर आपत्ति जताई। हालात बिगड़ते देख कांग्रेस नेता अंबिका सोनी और रेणुका चौधरी ने बीच बचाव किया। मगर विपक्षी महिला सांसदों पर कोई असर नहीं हुआ।
तब घबराए बालमूचू ने माफी मांगने के साथ साथ बार-बार यह दोहराया कि वह जया के बड़े फैन हैं इसलिए फोटो ले रहे थे। अगर उन्हें आपत्ति है तो वह फोटो डिलीट कर रहे हैं। बालमूचू की घबराहट का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता था कि जब वे अपने मोबाइल से जया का फोटो डिलीट कर रहे थे तब उनका हाथ बुरी तरह कांप रहा था।
हालांकि समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के समझाए जाने पर जया को भी समझ में आ गया कि उन्होंने कुछ ज्यादती कर दी है। तब जया ने भी अलग से बालमूचू से अपनी प्रतिक्रिया के लिए खेद व्यक्त किया।
फोटो डिलीट किया, माफी मांगी, तब शांत हुईं जया
जया बच्चन को बालमूचू द्वारा खुद का फोटो खींचना इतना नागवार गुजरा कि उन्होंने बीच सदन में हंगामा खड़ा कर दिया। साथी महिला सांसद का विकराल रूप देखकर बालमूचू इस कदर घबरा गए कि उन्होंने सदन में ही सबके सामने कांपते हाथों से फोटो डिलीट किया और माफी मांगी। तब जाकर जया का गुस्सा ठंडा पड़ा। झारखंड के आदिवासी नेता बालमूचू ने कहा कि वह जया के बड़े फैन हैं इसलिए उनका फोटो खींच रहे थे।