देशभर में भाजपा के बढ़ते दायरे और नरेंद्र मोदी के प्रभुत्व को चुनौती देने के लिए गैर कांग्रेसी दलों ने सोमवार को जंतरमंतर पर महाधरना दिया।
जनता परिवार के महाधरने में राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र की भाजपा सरकार पर जमकर बरसे। लालू ने मोदी के चुनावी वादों पर चुटकी लेते हुए कहा कि चुनाव के पहले जनता से वादा किया गया था कि रोजगार मिलेगा अब कहां है रोजगार?
लालू प्रसाद यादव ने कहा कि कौन माई का लाल है जो इस देश से मुसलमानों को बाहर कर दे। लालू ने भाजपा सरकार और मोदी को निशाना बनाते हुए कहा कि आपने देश के लोगों के सामने काले धन के मुद्दे पर झूठा वादा क्यों किया था।
लालू ने कहा कि आपने अच्छे दिन लाने का वादा किया था, रोजगार देने का वादा किया था अब उन वादों का क्या हुआ। लालू ने कहा कि मोदी सरकार देश को धर्म के नाम पर बांटने की कोशिश कर रही है।
लालू ने कहा कि आजादी के संघर्ष में अल्पसंख्यकों ने भी अपना योगदान दिया था और मोदी सरकार 'घर-वापसी' में व्यस्त है।