दिल्ली में हुए भयावह रेप कांड को महज छोटी सी घटना बताकर वित्त मंत्री अरुण जेटली बुरी तरह घिर गए हैं। महिला आयोग से लेकर तमाम महिला संगठनों और विपक्षी दलों ने जेटली की टिप्पणी को असंवेदनशील बताते हुए उन पर जोरदार हमला बोला है तो निर्भया के माता-पिता ने कहा कि वे इस बयान से बेहद आहत हुए हैं।
इस तीखी आलोचना के बाद जेटली ने शुक्रवार को सफाई दी कि उनकी बात को गलत तरीके से समझा गया और उनकी किसी अपराध को छोटा बताने की कोई मंशा नहीं थी।
दरअसल बृहस्पतिवार को राज्यों के पर्यटन मंत्रियों के साथ हुई बैठक में जेटली के भाषण में निर्भया कांड का जिक्र हुआ था। खराब कानून व्यवस्था की वजह से पर्यटन क्षेत्र को किस तरह नुकसान हो सकता है इसका जिक्र करते हुए उन्होंने बैठक में कहा था कि दिल्ली में दुष्कर्म की छोटी सी घटना दुनिया भर में प्रचारित होने से विदेशी पर्यटकों पर इसका खासा असर हुआ। इससे पर्यटन क्षेत्र को करोड़ों का नुकसान हुआ है। लेकिन एक दिन बाद सफाई में जेटली ने कहा कि वे ऐसी घटनाओं के प्रति संवेदनशील हैं। किसी अपराध या घटना विशेष को कम नहीं आंका जा सकता है। उन्होंने कहा कि किसी विशेष घटना को लेकर उन्होंने यह बात नहीं कही थी।