बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती को एक और राहत मिली है। आयकर विभाग ने उनके भाई के 400 करोड़ रुपए के फिक्स्ड डिपोजिट को रिलीज कर दिया है।
आयकर विभाग ने जून में यह रकम जब्त कर ली थी। लेकिन जांच में रकम को वैध पाने के बाद इसे रिलीज कर दिया गया।
इस मामले में सभी जांचें बंद कर दी गई है। मायावती के भाई आनंद कुमार के टैक्स देने के बाद, इस रकम को वैध घोषित कर दिया गया। अब वह अपनी पसंद के किसी भी वेंचर्स में निवेश कर सकते हैं। कुमार नोएडा और दिल्ली में दर्जनों कंपनियां चलाते हैं।
हाल ही में सीबीआई ने भी मायावती के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला बंद किया था, जिसे बसपा के यूपीए सरकार को समर्थन से जोड़कर देखा जा रहा था।
अब आयकर विभाग ने मायावती के भाई को बड़ी राहत दी है। यह भी मसला उठता रहा है कि साल 2007 से 2012 के बीच मायावती के उत्तर प्रदेश में तीसरी बार मुख्यमंत्री बनने पर उनके भाई आनंद कुमार की आय में जबरदस्त इजाफा हुआ।
चार महीने में क्लीन चिट
जून में इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने यूपी के मेडिकल कॉलेज, कौशांबी के होटल सहित 27 ठिकानों पर छापे मारे थे। छापे के दौरान असामान्य ट्रांजेक्शन के बारे में जानकारी मिली थी।
आनंद कुमार की कंपनियों के द्वारा 395 करोड़ के ड्राफ्ट बनाने के बारे में पता चलने के बाद आईटी डिपार्टमेंट ने नोएडा और गाजियाबाद के सरकारी बैंकों में जमा आनंद कुमार के फिक्स डिपॉजिट जब्त कर लिए थे।
आनंद कुमार से उनकी कंपनियों और फंड के बारे में और होटल से संबंधों के बारे में पूछताछ की गई थी।